फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

'पांच साल में बदल जाएगी काशी की तस्वीर'

Thu, 21 Aug 2014 01:48 AM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, लखनऊ
विज्ञापन
विज्ञापन
आने वाले पांच साल में काशी की तसवीर बदल जाएगी और दुनिया इसके विकास की मिसाल देगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने यहां की गौरवशाली आध्यात्मिकता को सहेजते हुए इसे हिन्दुस्तान का आदर्श शहर बनाने का संकल्प लिया है।
विज्ञापन


यह बात भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने कहीं। वह बुधवार की दोपहर रवींद्रपुरी कॉलोनी के लेन नंबर 11 में पीएम के संसदीय कार्यालय का उद्घाटन करने के बाद वहां आयोजित जनसभा को संबोधित कर रहे थे।

उन्होंने काशी की जनता से वादा किया कि पांच साल बाद यह शहर ऐसा हो जाएगा कि लोग कहेंगे कि काशी जैसी होनी चाहिए थी, अब वैसी हो गई है।

उन्होंने कहा कि रवींद्रपुरी का यह कार्यालय मोदी और काशी की जनता के बीच सेतु का काम करेगा। पार्टी कार्यकर्ताओं से कहा कि पीएम के संसदीय दफ्तर का ज्यादा से ज्यादा लाभ दबे-कुचले, गरीब लोगों को दिलाएं।
विज्ञापन

मोदी का गुणगान करने से नहीं चूके

अमित शाह वाहनों के लंबे काफिले के साथ दोपहर करीब एक बजे भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष रवींद्रपुरी के लेन-11 में स्थित पीएम के संसदीय दफ्तर पहुंचे। वहां पहले अतिथि कक्ष में उन्होंने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजा की।

कार्यालय प्रमुख शिवशरण पाठक और उनके सहयोगियों का परिचय लेने के बाद वे पास में बने सभा स्थल पहुंचे। वहां जोश से भरे कार्यकर्ताओं ने मोदी-शाह के नामों के साथ नारे लगाए।

शाह ने शुरुआत मोदी के संसदीय दफ्तर के कामकाज से की। कहा कि नरेंद्र भाई अपने क्षेत्र की जनता की चिंता करते हैं।

जब वे पीएम नहीं बने थे तब भी जनता के समस्याओं के निवारण की उन्होंने खास पद्धति बनाई थी। दफ्तर के कर्मचारियों के चयन को लेकर वे संतुष्ट दिखे।

विकास का खाका तय होने का दिया संकेत

अमित शाह ने कहा कि कुछ दिन पहले पीएम ने काशी के विकास के मुद्दे पर यहां के जनप्रतिनिधियों और पार्टी पदाधिकारियों के साथ दिल्ली में चर्चा की थी। काशी के मूल चरित्र को सुरक्षित रखते हुए विकास की रूपरेखा बनाई जा रही है।

शाह ने विकास के वादे के साथ ही संसाधनों के रखरखाव के लिए जनता से सहयोग मांगा। कहा कि पीएम ने दशाश्वमेध घाट पर गंगा आरती के समय और फिर स्वतंत्रता दिवस पर लाल किले से विकास में जनता का सहयोग मांगा था। इसका मतलब यह नहीं कि जनता टाउन प्लानिंग बनाए।

जरूरत इस बात की है कि विकास की गति चाहे जितनी भी क्यों न जोर पकड़ ले, स्वच्छता और रखरखाव के लिए जनता को सक्रिय होना पड़ेगा। सरकार और जनता के बीच बेहतर समन्वय होगा, तभी स्वच्छ काशी-सुंदर काशी की परिकल्पना साकार होगी।
विज्ञापन

शाह संग मंच पर रहे ये नेता मौजूद

उद्घाटन समारोह में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मीकांत वाजपेयी, प्रदेश संगठन मंत्री सुनील बंसल, महापौर राम गोपाल मोहले, मिर्जापुर की सांसद अनुप्रिया पटेल, चंदौली के सांसद महेंद्र नाथ पांडेय, राबर्ट्सगंज के सांसद छोटेलाल खरवार, भदोही के सांसद वीरेंद्र सिंह मस्त, सकलडीहा के विधायक सुशील सिंह, शहर दक्षिणी के विधायक श्याम देव राय चौधरी दादा, अशोक धवन, शहर उत्तरी के विधायक रवींद्र जायसवाल, एमएलसी केदारनाथ सिंह, कैंट की विधायक ज्योत्सना श्रीवास्तव, अलका राय, काशी प्रांत के अध्यक्ष लक्ष्मण आचार्य, क्षेत्रीय संगठन मंत्री चंद्रशेखर मंच पर उपस्थित थे। इन नेताओं ने अमित शाह को माला पहनाया और स्मृति चिह्न, शाल देकर सम्मानित भी किया।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें