बलरामपुर। कोरोना टीकाकरण की रफ्तार को गति देने के लिए सरकार हर संभव प्रयास कर रही है। टीकाकरण में तेजी लाने के लिए जुलाई माह से घर के करीब ही केंद्र बनाकर लोगों का टीकाकरण किया जाएगा। टीकाकरण के लिए वोटर पर्ची की तरह ही घर-घर बुलावा पर्ची पहुंचाई जाएगी। बुलावा पर्ची पर टीकाकरण की तारीख और स्थान का उल्लेख होगा।
सीएमओ डॉ. विजय बहादुर सिंह ने बताया कि कोरोना टीकाकरण को लेकर लोगों में तरह-तरह की भ्रांतियां फैली हुई है। भ्रांतियों को दूर करने के लिए स्वास्थ्य विभाग की तरफ से जगह-जगह जागरूकता कार्यक्रम चलाए जा रहे है। जागरूकता कार्यक्रम के बावजूद लोगों में टीका लगवाने के लिए उत्साह देखने को नहीं मिल रहा है। टीकाकरण की गति काफी धीमी है। इसमें तेजी लाने के लिए सरकार के निर्देश पर एक विस्तृत कार्य योजना तैयार की गई है। तैयार की गई कार्य योजना के तहत जिले की 800 राजस्व ग्रामों में मोबिलाइजेशन टीम बनेगी। टीम में ग्राम प्रधान, लेखपाल, आशा, आंगनबाड़ी, प्राथमिक विद्यालय की शिक्षक, पंचायत सचिव एवं युवक मंगल दल व महिला मंगल दल के सदस्य शामिल होंगे।
टीम लोगों में टीकाकरण के लिए भ्रम की स्थिति को दूर करेंगे और टीकाकरण के लिए प्रेरित करेंगे। टीकाकरण के लिए आशा के माध्यम से गांवों में घर-घर बुलावा पर्ची पहुंचाई जाएगी। बुलावा पर्ची पहुंचने के बाद निर्धारित तिथि पर घर में ही केंद्र बनाकर टीकाकरण किया जाएगा। टीकाकरण के दौरान किसी प्रकार की समस्या से निपटने के लिए दो क्विक रिस्पांस टीम लगाई जाएंगी। टीम के पास वाहन की व्यवस्था के साथ-साथ जरूरी दवाएं भी मौजूद होंगी।