लखनऊ। उत्तराखंड कौथिग की पांचवीं शाम मशहूर लोकगायक रहे स्व. प्रह्लाद मेहरा और स्व. पप्पू कार्की के नाम रही। इसमें प्रह्लाद मेहरा के पुत्र कमल मेहरा ने एैजा मेरा दानपुरा... और हाट की कालिका मैया... तो वहीं पप्पू कार्की के पुत्र दक्ष कार्की ने उत्तरायणी कौथिग लागी रौ..., चंपावते की रक्षिमी बाना... जैसे गीतों से दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया। इन दोनों ने अपने-अपने पिता की यादें ताजा कर दीं।
इससे पहले दोपहर में सात झोड़ा दलों ने पारंपरिक वेशभूषा में प्रस्तुतियां दीं। दलनायिका हेमा वांणगी के नेतृत्व में देवभूमि जनसरोकार समिति लखनऊ, चित्रा कांडपाल के नेतृत्व में गोमती नगर शाखा, सविता बिष्ट के नेतृत्व में इंदिरानगर सुगामऊ, दीपा पांडेय के नेतृत्व में इंदिरानगर-2, सोनू जोशी के नेतृत्व में इंदिरा नगर टीम बी, सोनिया बिष्ट के नेतृत्व में मायापुरी कल्याणपुर व मंजु पांडेय के नेतृत्व में आलोक नगर कल्याणपुर के कलाकारों ने शानदार प्रस्तुतियां दीं।
सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं में पहाड़ी धुनों पर देशी ठुमका प्रतियोगिता में कुर्मांचल नगर से माही वेलफेयर, इंदिरा नगर सुगामऊ से दीपा पांडेय, इंदिरा नगर -2 से सविता बिष्ट, नीलमथा से पिंकी नौटियाल व कुर्मांचल नगर से रेनू काण ने प्रतिभाग किया। पहाड़ की आवाज प्रतियोगिता में गोविंद बोरा, मंजू पांडेय, प्रतिभा सती, हर्षिता कांडपाल व दिव्यांशु जोशी शामिल हुईं। निर्णायक मंडल में दर्शन सिंह परिहार, नारायण दत्त पाठक व गिरीश चंद्र बहुगुणा रहे। झूमिगो-छपेली प्रतियोगिता में गोविंद बोरा गोमती नगर शाखा पर्वतीय महापरिषद लखनऊ, बलवंत वांणगी देवभूमि जनसरोकार समिति, पिंकी नौटियाल नीलमथा व राजेंद्र सिंह बिष्ट तेलीबाग के कलाकारों ने भाग लिया।
दीपा भट्ट के झोड़ा दल ने सबको झुमाया
दीपा भट्ट की अगुवाई में झोड़ा दल की महिलाओं ने पहाड़ी गीतों पर ऐसा नृत्य किया कि पंडाल में मौजूद हर कोई झूमने को मजबूर हो गया। लोग अपनी कुर्सियों से उठकर मंच के पास पहुंच गए और काफी देर तक नाचते रहे।
सिंगौड़ी की मिठास ने बनाया मुरीद
बाल मिठाई के साथ ही उत्तरायणी मेले में उत्तराखंड के प्रसिद्ध मिठाई सिंगौड़ी की मिठास लोगों को मुरीद बना रही है। अल्मोड़ा के आनंद अधिकारी के स्टॉल पर मौजूद इस मिठाई को लोग खूब पसंद कर रहे हैं।
आनंद ने बताया कि इसे बनाने के लिए पहले बक्खर चीनी तैयार कर उसमें इलायची मिलाते हैं, फिर पहाड़ी खोया मिलाया जाता है। उसे काफी देर तक औंटा जाता है। इसके बाद इसे मालू के पत्ते में लपेटा जाता है। उन्होंने बताया कि मालू के पत्ते की खासियत यह है कि यह कई दिनों तक सूखता नहीं है। इसका फ्लेवर भी मिठाई में आ जाता है, जिससे मिठाई की लज्जत और बढ़ जाती है। इसे चार दिन तक आराम से रख सकते हैं, खराब नहीं होगी। अगर फ्रिज में रखेंगे तो यह दस दिन तक खराब नहीं होती है। इसका मूल्य 600 रुपये प्रति किलो है।