उत्तराखंड के सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत
- फोटो : google
उत्तराखंड के सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत रविवार को अपने दो दिवसीय यूपी दौरे के लिए लखनऊ पहुंचे। वो इस दौरान यूपी के सीएम आदित्यानाथ से मुलाकात करेंगे और दोनों राज्यों के बीच रहे कई मुद्दों पर बात करेंगे।
मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि मैं अपने बड़े भाई से अपना हक मांगने आया हूं। उन्होंने कहा कि पिछले 17 साल से उत्तराखंड का जो हक नहीं मिल पाया, उसे मांगने के लिए ही वे लखनऊ आए हैं।
रावत बोले, यूपी से अलग हुए 17 साल बीत गए, लेकिन पूर्ववर्ती सरकारों ने परिसंपत्तियों को बंटवारे के मामले को हल करने को लेकर सार्थक पहल नहीं की। इस वजह से नहरों, भूमि व भवनों के अलावा जमरानी बांध में हिस्सेदारी नहीं तय हो पाई है।
टिहरी हाइड्रो डवलपमेंट कॉर्पोरेशन (टीएचडीसी) से पैदा की जा रही बिजली में भी उत्तराखंड को हिस्सा नहीं मिल पा रहा है। रावत ने कहा कि सोमवार को वे यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ से मिलकर अपना पक्ष रखेंगे और सभी मामलों का जल्द से जल्द निपटारा कराने का अनुरोध करेंगे।