उत्तर प्रदेश में कई दिनों से जारी भारी बारिश का दौर सोमवार से थमने लगेगा। बंगाल की खाड़ी में बना मौसम तंत्र कमजोर पड़ने से बारिश की गतिविधियां घटेंगी और ज्यादातर इलाकों में छिटपुट बूंदाबांदी ही होगी। मंगलवार तक पूर्वी और पश्चिमी दोनों हिस्सों में हल्की बारिश के आसार हैं। इसके बाद मौसम के साफ होने के साथ दिन के तापमान में तेजी से बढ़ोतरी होगी। माैसम विभाग की ओर से सोमवार के लिए कहीं भी भारी बारिश की चेतावनी नहीं है।
रविवार को प्रदेश के कई हिस्सों और तराई क्षेत्र में भारी बारिश हुई। फर्रुखाबाद में सर्वाधिक 320 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। गोरखपुर में 234.2, लखीमपुर खीरी में 195 और महाराजगंज में 186 मिलीमीटर बारिश हुई। लगातार बारिश के कारण कई जिलों में दिन का तापमान सामान्य से काफी नीचे रहा। उरई 18.4 डिग्री सेल्सियस के साथ प्रदेश का सबसे ठंडा जिला रहा। पश्चिमी यूपी के बरेली, मुजफ्फरनगर और मुरादाबाद में अधिकतम तापमान सामान्य से नौ से 10 डिग्री सेल्सियस तक नीचे रहा। क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र, लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार, बारिश और हवाओं की रफ्तार कम होने के साथ अगले एक सप्ताह में अधिकतम तापमान करीब 10 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है।
सोमवार से धीमी पड़ेगी बारिश, चढ़ेगा पारा
लखनऊ में बारिश के बाद सड़क पर भरा पानी।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी।
तीन दिन तक लगातार बारिश के बाद राजधानी को अब राहत मिलने के आसार हैं। रविवार को बारिश की रफ्तार धीमी पड़ी और सोमवार से भारी बारिश का दौर थमने की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक बंगाल की खाड़ी में बना मौसम तंत्र कमजोर पड़ रहा है। ऐसे में अगले एक दो दिन छिटपुट बूंदाबांदी हो सकती है लेकिन भारी बारिश के आसार नहीं हैं। इसके साथ ही दिन के तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी शुरू होगी।
दो दिन तक बारिश और बादलों की ओट में रहने के बाद रविवार दोपहर थोड़ी देर के लिए सूरज निकला। हालांकि कुछ ही देर बाद घने बादलों ने फिर आसमान ढक लिया। बारिश और ठंडी हवाओं के कारण दिनभर मौसम में सिहरन बनी रही।
सामान्य से 9.2 डिग्री नीचे रहा दिन का तापमान
रविवार को अधिकतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जो सामान्य से 9.2 डिग्री कम रहा। शनिवार के मुकाबले इसमें 1.2 डिग्री की गिरावट आई। वहीं न्यूनतम तापमान 21.2 डिग्री सेल्सियस रहा, जो 0.6 डिग्री बढ़ा। क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि बारिश और हवाओं की रफ्तार कम होने से अगले एक सप्ताह में अधिकतम तापमान में करीब 10 डिग्री तक वृद्धि के संकेत हैं।
राजधानी में इस सीजन में 25 फीसदी ज्यादा हुई बारिश
माैसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक सितंबर के आखिरी हफ्ते में तीन दिनों तक लगातार हुई जोरदार बारिश से राजधानी में इस बार बारिश सामान्य से अधिक रही। लखनऊ में 846.6 मिलीमीटर बारिश हुई, जो सामान्य 675.7 मिलीमीटर से 25 प्रतिशत अधिक है।