जल्द ही दिल्ली के दिल कनॉट प्लेस में उत्तर प्रदेश के हुनर की विविधता नजर आएगी। राज्य सरकार वहां एक जिला एक उत्पाद (ओडीओपी) का शोरूम खोलने जा रही है। इसके अलावा देश की आर्थिक राजधानी मुंबई के नवी मुंबई स्थित उत्तर प्रदेश सदन, कोलकाता के गरिया हाट स्थित दक्षिणायन शॉपिंग कॉम्पलेक्स, लिंडसे स्ट्रीट और अहमदाबाद के अंबाबादी में भी ओडीओपी के अत्याधुनिक शोरूम खोले जाएंगे। गुजरात में नर्मदा तट पर स्थित स्टेच्यू ऑफ यूनिटी परिसर में भी यूपी के ओडीओपी उत्पाद शान बढ़ाएंगे। कानपुर के पीपीएन मार्केट में भी शोरूम खुलेगा।
सरकार के पास इन सभी शहरों के बीचोंबीच जगह उपलब्ध है। इनमें गंगोत्री शोरूम संचालित किए जा रहे हैं, जहां यूपी के हैंडलूम उत्पादों की बिक्री होती है। सरकार इनका नवीनीकरण कराकर इनमें ओडीओपी के भी उत्पाद बिक्री के लिए उपलब्ध कराएगी। मिसाल के तौर पर दिल्ली के कनॉट प्लेस में जहां ओडीओपी उत्पादों के लिए शोरूम खुलना है, वहां यूपी सरकार का पांच मंजिला भवन है। वहां 4000 वर्गफीट से अधिक जगह उपलब्ध है। वहां पूरी जगह का नवीनीकरण कराने के साथ ही सामने से एक पारदर्शी लिफ्ट लगाई जाएगी।
अहमदाबाद में यूपी सरकार के पास 3000 वर्गफीट तथा नवी मुंबई में 1000 वर्गफीट जमीन उपलब्ध है, जहां ओडीओपी शोरूम खोलने की तैयारी है। सरकार की योजना देश के सभी प्रमुख रेलवे स्टेशनों, हवाई अड्डों और प्रदेश के ऐसे सभी स्थानों पर ओडीओपी शोरूम खोलने की है जहां सरकार के पास पहले से जगह उपलब्ध है।
कॉफी शॉप पर ले सकेंगे यूपी की मशहूर चीजों का स्वाद
ओडीओपी शोरूम बड़े परिसरों में खोलने की तैयारी है ताकि वहां प्रदेश के ज्यादा से ज्यादा जिलों के उत्पाद प्रदर्शित किए जा सकें। इनके साथ कॉफी शॉप भी होगी, जहां हापुड़ के जायकेदार पापड़ के साथ कॉफी का स्वाद लिया जा सकेगा। शोरूम में आने वालों के लिए 100 से अधिक जायके में मुजफ्फरनगर का गुड़, बच्चों के लिए झांसी के खिलौने, बनारस की रेशमी साड़ियों के अलावा लखनऊ के चिकन के कपड़े, मुरादाबाद के पीतल के उत्पाद, हाथरस की खुशबूदार हींग के साथ ढेर सारे विकल्प उपलब्ध होंगे। लोग प्रदेश के हर जिले के खास उत्पाद से रू-ब-रू हो सकेंगे।
ओडीओपी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की प्राथमिकता वाली योजनाओं में है। इसके जरिए स्थानीय हुनरमंदों के हुनर की पहचान और मुकम्मल होगी। स्थानीय स्तर पर लोगों को रोजगार उपलब्ध होंगे। प्रमुख शहरों में हमारे पास जगह उपलब्ध हैं, जहां ओडीओपी शोरूम खुलने से यूपी के जिलों के खास उत्पादों की अच्छी ब्रांडिंग होगी। प्रदेश के कई स्थानीय उत्पाद देश-दुनिया में ब्रांड बनकर उभरेंगे।
- नवनीत सहगल, अपर मुख्य सचिव, एमएसएमई