मुख्यमंत्री के अनुरोध पर पेट्रोलियम मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने प्रदेश में 25000 करोड़ के निवेश का भरोसा दिया है। साथ ही गोरखपुर में बायो इथेनॉल प्लांट लगाने पर सहमति जताई है। दोनों नेताओं के बीच फर्टिलाइजर कारख़ाने के काम में प्रगति, बनारस में बिछाई जा रही गेल की पाइपलाइन के काम को मार्च के पहले हफ्ते तक पूरा करने के मुद्दे पर भी चर्चा हुई।
गोरखपुर, इलाहाबाद व अयोध्या में बनेंगे म्यूजियम
केंद्रीय संस्कृति राज्यमंत्री डॉ. महेश शर्मा ने मुख्यमंत्री के अनुरोध पर गोरखपुर, इलाहाबाद और अयोध्या में म्यूजियम बनाने के प्रस्ताव को हरी झंडी देते हुए जल्द कार्यवाही कराने का आश्वासन दिया है। डॉ. शर्मा ने इलाहाबाद के संगम क्षेत्र में डिजिटल कुंभ म्यूजियम तथा शिल्पग्राम के 266 करोड़ के प्रस्ताव को विशेष योजना के तहत वित्तीय अनुदान देने, अयोध्या के रामकथा संग्रहालय में डिजिटल इंटरवेंशन की योजना के लिए 14.58 करोड़ तथा एयर थियेटर में डिजिटल होलोग्राफिक रामलीला लिए 11.94 करोड़ के प्रस्ताव का अनुमोदन किया।
रेजिडेंसी लखनऊ, कलिंजर किला बांदा, मदनसागर, कीरतसागर एवं रावतपुर महोबा पर साउंड एंड लाइट शो के लिए एएसआई से अनापत्ति पत्र देने सहित अन्य मुद्दों पर भी बातचीत हुई।
केंद्रीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्री डॉ. हर्षवर्धन ने मुख्यमंत्री योगी को इंडिया इंटरनेशनल साइंस फेस्टिवल का आयोजन लखनऊ में करवाने का प्रस्ताव दिया है। सीएम ने उनसे असिस्टेंस फॉर साइंस एंड टेक्नोलॉजी टू द स्टेट काउंसिल फॉर साइंस एंड टेक्नोलॉजी परियोजना के लिए शेष 56 लाख रुपये की वित्तीय स्वीकृति जल्द जारी करने का आग्रह किया। साथ ही पेटेंट सूचना केंद्र के संचालन के लिए 24 लाख के अनुदान की भी मांग रखी।
योगी ने प्रदेश में राष्ट्रीय कृषि बायो टैक्नोलॉजी संस्थान, नेशनल बायो टेक्नोलॉजी ट्रांसफर एंड रिसर्च इंस्टीट्यूट, पूर्वी उत्तर प्रदेश में जेई व एईएस समेत अन्य बीमारियों को नियंत्रित करने के लिए नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल बायोलॉजी और बुलंदशहर स्थित भारत इम्यूनोलॉजिकल्स एंड बायोलॉजिकल्स लिमिटेड में वैक्सीन के निर्माण के लिए अत्याधुनिक केंद्र स्वीकृत करने का भी अनुरोध किया।