व्यावसायिक शिक्षा एवं कौशल विकास मंत्री चेतन चौहान
व्यावसायिक शिक्षा एवं कौशल विकास मंत्री चेतन चौहान ने कहा है कि युवाओं को रोजगार दिलाना प्रदेश सरकार की प्राथमिकताओं में सबसे ऊपर है। आईटीआई और कौशल विकास के जरिए बीते छह माह में युवकों को प्रशिक्षित कर नौकरी व रोजगार से जोड़ने पर विशेष जोर दिया गया है।
दोनों विभागों के माध्यम से अगले पांच साल में 10 लाख लोगों को नौकरी व रोजगार उपलब्ध कराया जाएगा। इस हिसाब से इस साल दो लाख युवकों को नौकरी देने का लक्ष्य रखा गया है।
चौहान बृहस्पतिवार को एनेक्सी स्थित मीडिया सेंटर में अपने विभाग की छह महीने की उपलब्धियों की जानकारी दे रहे थे। युवकों को रोजगार देने की मुख्यमंत्री की मंशा को देखते हुए व्यावसायिक शिक्षा विभाग और कौशल विकास मिशन ने कई अन्य प्राथमिकताएं तय की हैं।
इसमें एक साल में तीन लाख युवकों को रोजगारपरक ट्रेडों में प्रशिक्षण देने के अलावा कैंपस सेलेक्शन को 60 फीसदी से अधिक बढ़ाना शामिल है। छह महीने में आईटीआई में प्रशिक्षण की क्षमता को 1 लाख 25 हजार 940 तक पहुंचा दिया गया है। 26 नए संस्थानों में 1274 पद सृजित कर भर्ती करने के निर्देश दिए गए हैं।