यूपी सरकार ने दावा किया है कि प्रदेश में विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) के मानक से 10 गुना ज्यादा टेस्ट किए जा रहे हैं। जिसका परिणाम है कि प्रदेश में कोरोना की दूसरी लहर पर पूरी तरह नियंत्रण पा लिया गया है। विश्व स्वास्थ्य संगठन के मानक के अनुसार यूपी में प्रतिदिन 32 हजार टेस्ट का लक्ष्य था लेकिन हर रोज औसतन 3 लाख से ज्यादा टेस्ट किए गए। प्रदेश में प्रति पाजिटव केस पर 31 कांटेक्ट सैंपल टेस्ट किए गए, जबकि महाराष्ट्र में 6, कर्नाटक में 11, केरल में 8, दिल्ली में 14, तमिलनाडु में 12 और आंध्र प्रदेश में 11 कांटेक्ट सैंपल टेस्ट किए गए। उत्तर प्रदेश पांच करोड़ से ज्यादा कोरोना टेस्ट करने वाला एकमात्र राज्य है। बता दें कि यूपी सरकार कोरोना को नियंत्रित करने के लिए 'थ्री टी' टेस्टिंग, ट्रैकिंग और ट्रीट की नीति पर काम कर रही है जिसके सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं।
यूपी में बृहस्पतिवार को प्रदेश में कुल 3.05 लाख से अधिक टेस्ट किए गए। जिसमें 642 नए कोरोना पॉजिटिव मरीज मिले हैं। इस तरह कोरोना संक्रमण का पॉजिटिविटी रेट 0.2 प्रतिशत पाया गया। कुल 1231 मरीजों को डिस्चार्ज किया गया और 82 मरीजों की संक्रमण से मौत हो गई। अब प्रदेश में कुल 12243 एक्टिव मरीज बचे हैं।
अपर मुख्य सचिव सूचना नवनीत सहगल ने बताया कि अब तक प्रदेश में 1701072 लोग कोरोना संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें से 1667232 लोग संक्रमण मुक्त हो चुके हैं। प्रदेश में मरीजों के ठीक होने दर 98 प्रतिशत है। उन्होंने बताया कि 30 अप्रैल को प्रदेश में 3.10 लाख से अधिक एक्टिव मरीज थे। अब एक्टिव मरीजों की संख्या में 96 प्रतिशत की कमी आई है। बृहस्पतिवार को सबसे अधिक 38 मरीज वाराणसी में मिले हैं।
इसके अलावा लखनऊ में 37, गोरखपुर में 30, गौतमबुद्ध नगर में 24, आगरा में 24, आजमगढ़ में 24, मेरठ में 23, गाजियाबाद में 23, रायबरेली में 20, मैनपुरी में 19, बुलंदशहर में 18, प्रयागराज, जौनपुर, सोनभद्र में 17-17, जालौन में 15, सहारनपुर में 13, कानपुर नगर में 12, अयोध्या में 12, गोंडा, देवरिया, मुजफ्फरनगर में 11-11, गाजीपुर, हरदोई में 10-10 मरीज मिले हैं। सबसे अधिक 15 मरीजों की मौत कानपुर नगर में हुई है। इसके अलावा लखनऊ में 08, बरेली में 05, आगरा, सहारनपुर, देवरिया, झांसी, गोंडा में 04-04, लखीमपुर खीरी, गाजियाबाद, मेरठ में 03-03 मरीजों की मौत हुई है। 48 जिलों में सिंगल डिजिट में मरीज मिले हैं। महोबा, चित्रकूट, कासगंज में एक भी मरीज नहीं मिला है। गोरखपुर में 516, लखनऊ में 505, गाजियाबद में 437, मेरठ में 431, बरेली में 425, आजमगढ़ में 403 एक्टिव मरीज बचे हैं।