योगी आदित्यनाथ ने कहा, उद्योगपतियों का राज्य की कानून-व्यवस्था के प्रति विश्वास बढ़ा है। देश भर के उद्योगपति यहां उद्योग लगाना चाहते हैं। योगी ने मीडिया से अपील की कि लोगों तक खबरें पहुंचाने के लिए नारद जैसी दृष्टि चाहिए। यदि नकारात्मक दृष्टि रही तो हम नारदजी के साथ न्याय नहीं कर पाएंगे।
राजनीति से दूर हर किसान खुशहाल
सीएम ने कहा कि जो किसान राजनीति से प्रेरित नहीं है, वह कर्जमाफी के बाद खुद को खुशहाल महसूस कर रहा है। सरकार ने धान और गेहूं की रिकॉर्ड खरीद की है। चीनी मिलों के लिए अलग से पॉलिसी ला रहे हैं, जिससे किसानों को समय से पूरा भुगतान हो और मिल मालिकों को भी नुकसान न हो।
20 दिन में पूरी होंगी यूपी बोर्ड परीक्षाएं : डॉ. शर्मा
उप मुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा ने कहा कि उत्तर प्रदेश में कभी नकल का व्यवसाय 10 से 15 हजार करोड़ रुपये का हुआ करता था। इससे बच्चे पास तो हो जाते थे, पर जीवन में कुछ कर नहीं पाते थे। हमने नकल पर पूरी तरह पाबंदी लगा दी। अब 15-20 दिन के भीतर यूपी बोर्ड की नकलविहीन परीक्षाएं कराई जाएंगी।
उन्होंने नकल रोकने के लिए सरकार की ओर से उठाए गए कदमों की भी जानकारी दी। कहा, कौशांबी, एटा और अलीगढ़ में नकल माफिया को पकड़ा गया। अलीगढ़ में तो अतरौलिया बोर्ड ही बन गया था। एनसीईआरटी का सिलबेस लागू करके किताबों के बहाने हो रहे खेल को भी खत्म कर रहे हैं।
डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य
- फोटो : amar ujala
उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा, समाजवादी पार्टी बड़े अपराधियों को संरक्षण दे रही है। पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव कह रहे हैं कि उनकी सरकार बनने पर अपराधियों के एनकाउंटर की जांच होगी। मैं अखिलेश से पूछता हूं कि क्या समाजवादी पार्टी अपराधियों के दम पर चलती है।
मौर्य ने कहा कि हमारी सरकार दो दिन में एक सेतु और हर दिन 35 किलोमीटर सड़क बना रही है। गन्ना विकास मंत्री सुरेश राणा ने कहा कि एक साल में सरकार ने किसानों को 20 हजार करोड़ रुपये का गन्ना मूल्य भुगतान किया है, जबकि पिछली सरकार ने पांच साल में सिर्फ 11 हजार करोड़ का गन्ना मूल्य भुगतान किया था।
राष्ट्रीय अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष सैयद गय्यूर उल हसन रिजवी ने कहा कि अल्पसंख्यकों के विकास के लिए विशेष काम किए जा रहे हैं। राज्यसभा सांसद आरके सिन्हा ने अतिथियों का स्वागत किया। इस अवसर पर विभिन्न क्षेत्रों के उद्यमियों को सम्मानित भी किया गया।