फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

610 मेगावॉट अतिरिक्त बिजली, मिलेगी राहत

Sat, 11 Oct 2014 09:05 AM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, लखनऊ
विज्ञापन
विज्ञापन
पावर कॉर्पोरेशन काफी मशक्कत के बाद 610 मेगावाट अतिरिक्त बिजली का इंतजाम करने में सफल रहा। शुक्रवार को 700 मेगावाट बिजली खरीदने के लिए टेंडर खोले गए।
विज्ञापन


तीन कंपनियों से 5 रुपये प्रति यूनिट तक की दर से 510 मेगावाट बिजली खरीदने का फैसला करते हुए लेटर ऑफ इंटेंट (एलओआई) भी जारी कर दिया।

रविवार आधी रात से यूपी को यह बिजली मिलने लगेगी। इसके अलावा हरियाणा से 100 मेगावाट बिजली बैकिंग के जरिये मिली है।

इसके एवज में हरियाणा को फरवरी में 103 फीसदी बिजली लौटानी होगी। इससे प्रदेशवासियों को बिजली संकट से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है।

वहीं बिजली की अच्छी उपलब्धता रहने के कारण शुक्रवार को गांवों में नौ घंटे से ज्यादा आपूर्ति की गई।

पावर कॉर्पोरेशन के प्रबंध निदेशक एपी मिश्र ने बताया कि एनर्जी एक्सचेंज से अब रोजाना छह करोड़ रुपये की बिजली खरीद का फैसला किया गया।

एक्सचेंज से सबसे ज्यादा बिजली खरीद रहा है यूपी

यूपी ही अभी तक एक्सचेंज से सबसे ज्यादा बिजली खरीद रहा था। इसलिए दाम बढ़ रहे थे। यूपी की मात्रा कम होने से एक्सचेंज में भी कीमत कम होने की उम्मीद है, जिससे प्रदेश को ज्यादा बिजली मिलने की संभावना है।

13 से 31 अक्तूबर के बीच 5 रुपये/यूनिट तक होगी खरीदारी
पावर ट्रेडिंग कार्पोरेशन (पीटीसी), जेेएसडब्ल्यू और श्री सीमेंट की ओर से 4.58 रुपये से 5.99 रुपये प्रति यूनिट तक की दर से बिजली उपलब्ध कराने के टेंडर डाले गए थे।

टेंडर खुलने के तुरंत बाद पावर कॉर्पोरेशन के चेयरमैन संजय अग्रवाल की अध्यक्षता में बिड मूल्यांकन कमेटी की बैठक में 13 अक्तूबर से 31 अक्तूबर तक के लिए 4.58 से 5.00 रुपये प्रति यूनिट की दर से 510 मेगावाट बिजली खरीदने का फैसला किया गया।

जबकि 1 से 12 नवंबर तक के लिए बिजली खरीदने का फैसला बाद में किया जाएगा।
विज्ञापन

बिजली सप्लाई में सुधार का दावा

पावर कॉर्पोरेशन के प्रबंध निदेशक एपी मिश्र का कहना है कि सिंचाई के मद्देनजर गांवों को कम से कम 10 घंटे बिजली मुहैया कराने का प्रयास किया जा रहा है।

इसके लिए शहरों व उद्योगों में थोड़ी अतिरिक्त आपात कटौती की जा रही है। लेकिन शुक्रवार को एनर्जी एक्सचेंज से ज्यादा बिजली उपलब्ध हो जाने से गांवों से लेकर शहरों तक आपात कटौती में कमी आई।

गांवों को नौ घंटे से ज्यादा आपूर्ति की गई। सब कुछ ठीक रहा तो सोमवार से उद्योगों की कटौती बंद की जा सकती है।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें