ऊंचाहार (रायबरेली) कोतवाली क्षेत्र के अकोढ़िया गांव में एटीएस ने छापा मारा। अचानक गांव में एटीएस के छापे से हड़कंप मच गया। एटीएस ने गांव से दो लोगों को हिरासत में लिया है। दोनों युवकों के किसी संदिग्ध गतिविधियों में लिप्त होने की बात बताई जा रही है। मामले में स्थानीय पुलिस कुछ भी बता पाने से इंकार कर रही है।
मंगलवार तड़के कोतवाली क्षेत्र के अकोढ़िया गांव में एटीएस के सीओ व इंस्पेक्टर के नेतृत्व में टीम ने छापा मारा। स्थानीय पुलिस के साथ एटीएस के पहुंचने की खबर से हड़कंप मच गया। लोग अपने घरों में दुबक गए। एटीएस ने गांव के दो युवकों को हिरासत में लेकर उनके घरों में तलाशी ली। घर के अंदर छानबीन की। हालांकि घर के अंदर कोई अवैध सामान नहीं मिला। बाद में एटीएस दोनों युवकों को साथ लेकर लखनऊ लौट गई। सूत्रों की मानें तो कुछ दिन पहले आतंकी गतिविधियों में लिप्त कुंडा के एक युवक को एटीएस ने पकड़ा था। पूछताछ में युवक ने दोनों युवकों पर उसकी मदद करने की बात सामने आई है। इसके बाद एटीएस ने दोनों को हिरासत में लिया है। हालांकि स्थानीय पुलिस इस बाबत कुछ बता पाने में असमर्थता जाहिर कर रही है। सीओ अशोक सिंह ने बताया कि एटीएस ने गांव में छापा मार दो युवकों को हिरासत में लिया है।
इंटर तक पढ़े लाला उर्फ मूलचंद्र के जुड़े थे आतंकियों के तार
दोनों पर आतंकियों को आरडीएक्स सप्लाई करने का आरोप है। उधर, पकड़े गए दो लोगों में से अकौढ़िया निवासी मूलचंद्र उर्फ लाला के तार आतंकियों से जुड़े होने की खबर से क्षेत्र में दहशत है। घरवाले व परिवार के लोगों की मानें तो लाला अक्सर घर से लापता रहता था। बताया जा रहा है कि वह आतंकियों को आरडीएक्स सप्लाई करने का काम करता था। वैसे तो एटीएस गांव के दो लोगों को उठाकर अपने साथ ले गई थी, लेकिन इसमें से लाला के ही संदिग्ध गतिविधियों में लिप्त होने के सुबूत अब तक मिले हैं। रायबरेली जिले के ऊंचाहार क्षेत्र के लोगों के संबंध आतंकियों से होने की बात सामने आने से हड़कंप मच गया है।
ऊंचाहार कोतवाली क्षेत्र के अकौढ़िया गांव में मंगलवार को एटीएस ने सीओ व इंस्पेक्टर के नेतृत्व में छापा मारा। भारी फोर्स देखकर लोग घरों में ही दुबक गए। एटीएस ने गांव के दो युवकों को हिरासत में ले लिया और उनके घरों में तलाशी ली। हालांकि घर में छानबीन के दौरान टीम को कोई संदिग्ध सामान नहीं मिला। बाद में एटीएस दोनों युवकों को साथ लेकर लखनऊ लौट गई। बताया जा रहा है कि इसमें लाला उर्फ मूलचंद्र के संदिग्ध गतिविधियों में लिप्त होने के सुबूत मिले हैं। दूसरे युवक के बारे में एटीएस अभी पड़ताल कर रही है।
क्षेत्र के लोगों की मानें तो मूलचंद्र उर्फ लाला लाला इंटर तक पढ़ा है। घर में पत्नी के अलावा एक बेटी व एक बेटा है। पत्नी ही घर का खर्च चलाती है। लाला अक्सर घर से लापता रहता था। बताया जा रहा है कि प्रयागराज जिले का रहने वाला उसका एक साथी भी पकड़ा गया है। एटीएस की मानें तो पड़ताल में ये पता चला है कि ये लोग आतंकियों को आरडीएक्स पहुंचाने का काम करते थे। अकौढ़िया निवासी लाला के संदिग्ध गतिविधियों में लिप्त होने की जानकारी से लोग दहशत में हैं।
बताया जा रहा है कि जब एटीएस उसे पकड़ने गई थी तो उसके घरवालों ने बताया था कि लाला घर का कोई काम नहीं करता। वह अक्सर लापता रहता है। उसकी माली हालत ठीक नहीं थी। घर कच्चा है। एसपी श्लोक कुमार का कहना है कि एटीएस आई थी और दो लोगों को अपने साथ ले गई थी। इसमें लाला के तार आतंकियों से जुड़े होने की बात सामने आई है। लेकिन इस बारे में एटीएस के अधिकारी ही कुछ बता सकते हैं।