लखनऊ में सरोजनी नगर दक्षिण प्रथम के भाजपा मंडल उपाध्यक्ष राहुल मिश्रा की कार का शीशा तोड़कर अराजकतत्वों ने उसमें मांस का टुकड़ा रख दिया। इसकी जानकारी होते ही हड़कंप मच गया। पीड़ित की सूचना पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बेहसा गांव निवासी राहुल मिश्रा के मुताबिक, बीती 13 दिसंबर को विधायक निधि से उनके पड़ोस में सड़क का निर्माण हो रहा था, जिसमें कुछ लोगों ने अवरोध उत्पन्न किया था, तब राहुल ने इसकी सूचना देते हुए लेखपाल और पुलिस को बुलाया, जिसके बाद मामला शांत हो गया था।
कार का शीशा टूटा था
राहुल मिश्रा का कहना है कि 15 दिसंबर सोमवार सुबह वह सोकर उठे और करीब 8 बजे बाहर निकले तो उनकी स्विफ्ट कार का पिछला शीशा टूटा मिला। साथ ही कार के अंदर करीब दो किलो मांस रखा हुआ था। यह देख राहुल के होश उड़ गए।
उन्होंने इसकी सूचना सरोजनी नगर पुलिस को दी। उनका कहना है कि वह नॉनवेज से दूर रहते हैं और उन्हें बदनाम करने की नीयत से यह कृत्य किया गया है। फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुटी है। थाना प्रभारी राजदेव प्रजापति ने बताया कि कुछ अराजकतत्वों की यह करतूत है, जिसकी जांच की जा रही है।