लखनऊ। सोने के मिलावटी जेवर लोगों को 22 कैरेट के बताकर बेचने के आरोपी को ठाकुरगंज पुलिस ने रविवार रात चोरघाटी से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी चोरी के आभूषण खरीदकर उसमें मिलावट करता था।
इंस्पेक्टर श्रीकांत राय के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी सआदतगंज के हाता भीखम खां निवासी शमशाद अहमद है। इसके पास से 12 लाख के मिलावटी जेवर और 21 हजार रुपये बरामद हुए हैं। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह चाेरों से जेवर खरीदता था। फिर उन्हें गलाता था और 60 प्रतिशत अन्य धातुओं को मिलाकर नए आभूषण बना देता था। पकड़ में न आए इसलिए रायबरेली में जाकर बेचता था।
इंस्पेक्टर ने बताया कि डेढ़ माह पहले चोरों के गिरोह को पकड़ा था। इसके पास से जेवर बरामद हुए थे, जबकि लोगों के घरों से चोरी जेवर पुराने थे। संदेह होने पर पुलिस ने जब गिरोह के एक गुर्गे से कड़ाई से पूछताछ की तो शमशाद का नाम सामने आया था। आरोपी ने बताया था कि शमशाद उनसे चोरी के जेवर खरीदकर मिलावट करता है।