UPSC Pre Exam: लखनऊ में पहली पाली की परीक्षा संपन्न हो गई है। परीक्षा देकर निकले अभ्यर्थियों ने कहा कि इस बार पेपर सरल रहा। हालांकि एक सवाल के अरघट्टा शब्द ने ज्यादातर को उलझा दिया।
राजधानी लखनऊ में रविवार को सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा की पहली पाली की परीक्षा संपन्न हो गई है। देर से पहुंचने पर कई अभ्यर्थियों की परीक्षा छूट गई। पहली पाली की परीक्षा देकर निकले परीक्षार्थियों ने बताया कि तीन सालों की अपेक्षा इस बार का पेपर सरल आया था। हालांकि कई सवालों ने परेशान भी किया। इसमें 'सिंचाई के दौरान अरघट्टा नामक उपकरण क्या होता है?' सवाल ने काफी अभ्यर्थियों को परेशान किया।
विज्ञापन
कन्नौज से परीक्षा देने आईं अभ्यर्थी प्रतीक्षा शर्मा ने बताया उन्होंने इससे पहले कभी अरघट्टा के बारे में नहीं सुना। वहीं दूसरी ओर अभ्यर्थी कीर्ति कुमारी ने बताया कि इस बार इंडियन भूगोल से कम सवाल पूछे गए। इकोनॉमिक्स में स्टॉक मार्केट से जुड़े ज्यादा सवाल रहे। अभ्यर्थी अनुज यादव, राजन सिंह और अनिल यादव ने बताया कि वह पिछले तीन सालों से परीक्षा दे रहे हैं, इस बार का पेपर सरल आया है।
बता दें कि राजधानी में 91 केंद्रों पर यूपीएससी की प्रारंभिक परीक्षा दो पालियों में आयोजित हो रही है। सेंटर्स में 3600 शिक्षकों की ड्यूटी लगाई है। लखनऊ में 40029 परीक्षार्थी परीक्षा देने पहुंचे। पहली पाली की परीक्षा सुबह 9:30 बजे से 11:30 बजे तक आयोजित हुई।
दूसरी पाली की परीक्षा दोपहर 2:30 बजे से शुरू होगी, जो 4:30 बजे तक चलेगी। परीक्षा केंद्रों पर 33 सेक्टर अधिकारियों, 75 स्थानीय पर्यवेक्षकों की भी ड्यूटी लगाई गई है। परीक्षा के लिए पांच सीनियर आईएएस ऑब्जर्वर बनाए गए हैं। पहली पाली में कई परीक्षार्थी ऐसे भी रहें, जिनकी परीक्षा छूट गई। वह समय से केंद्र पर नहीं पहुंच सके।