आने वाले दिनों में लखनऊ मेट्रो का स्मार्ट कार्ड कानपुर मेट्रो में भी इस्तेमाल किया जा सकेगा। इसी तरह कानपुर से आने वालों को लखनऊ मेट्रो में यात्रा करने के लिए टोकन लेने की जरूरत नहीं होगी। यूपीएमआरसी जल्द ही इसके लिए दोनों शहरों में मेट्रो किराए के लिए लागू ऑटोमेटिक व्यवस्था को समेकित करने का काम पूरा कर लेगा। यूपीएमआरसी इसके लिए एक सरकारी क्षेत्र के बैंक को काम सौंपने जा रहा है।
मेट्रो के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि कानपुर मेट्रो का स्मार्ट कार्ड अभी लॉन्च किया जाना है। इसके लिए तैयारियां अंतिम चरण में हैं। इस कार्ड को प्रीपेड कार्ड की तरह उपयोग किया जा सकेगा। इसका मतलब यह है कि मेट्रो में यात्रा करते समय यह टिकट के रूप में उपयोग होगा। इस कार्ड से किराया सीधे कट जाएगा। वहीं प्रीपेड स्मार्ट कार्ड को डेबिट कार्ड की तरह कहीं भी खरीदारी या बिल के भुगतान के लिए भी उपयोग किया जा सकेगा। चिप के साथ इस कार्ड को जारी किया जाना है।
यूपीएमआरसी अभी लखनऊ में उपयोग हो रहे स्मार्ट कार्ड को भी अपग्रेड करेगा। संभावना यह भी है कि लखनऊ और कानपुर दोनों के लिए स्मार्ट कार्ड एक साथ ही लॉन्च किया जाए। यूपीएमआरसी के अधिकारी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से इसकी लॉन्चिंग कराने के प्रयास में हैं। जल्दी ही इस कार्ड को उपयोगी बनाने के लिए प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी।
नहीं खरीदना होगा दूसरा कार्ड
मेट्रो अधिकारियों का कहना है कि कानपुर और लखनऊ की दूरी कम होने से बड़ी संख्या में लोगों को नियमित रूप से आना-जाना होता है। ऐसे में उनको लखनऊ मेट्रो और कानपुर मेट्रो दोनों के लिए स्मार्ट कार्ड रखना पड़ता। इस दिक्कत को खत्म करते हुए दोनों ही मेट्रो के ऑटोमेटिक फेयर कलेक्शन सिस्टम को समेकित किया जा रहा है। आने वाले समय में आगरा, गोरखपुर में भी एक ही कार्ड उपयोग कराने पर विचार किया जा रहा है।