लखनऊ में विकासनगर के टेढ़ी पुलिया चौराहे पर आठ नवंबर की रात कार में टक्कर मारने का आरोप लगाकर एसयूवी सवार दो युवकों ने सीतापुर में विशेष न्यायाधीश, एससी/एसटी एक्ट मोहम्मद सफीक की पत्नी व बच्चों के साथ अभद्रता, गाली-गलौज की। आरोपियों ने उनकी कार का साइड का शीशा भी तोड़ दिया। विकासनगर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
प्रतापगढ़ के टिकरिया बुजुर्ग कुंडा निवासी सिद्दीकी ताहिरा पति मोहम्मद सफीक, बेटों समीर व शारिक के साथ इंदिरानगर में रहती हैं। पीड़िता के मुताबिक आठ नवंबर की रात 11:15 बजे वह पति तथा बेटों के साथ छठा मील चौराहे से घर लौट रहीं थीं। बुखार के कारण पति दवा लेने के लिए टेढ़ी पुलिया चौराहे के पास एक अस्पताल में रुक गए।
पीड़िता ने मुताबिक टेढ़ी पुलिया चौराहे पर उनके आगे एक कार और पीछे काले रंग की एसयूवी थी। एसयूवी की उनके आगे चल रही कार से हल्की टक्कर हो गई, जबकि उनकी कार किसी वाहन से नहीं टकराई। इसके बावजूद एसयूवी सवार दो युवक उनकी कार के बोनट व शीशे पर हाथ मारने के साथ गाली-गलौज, अभद्रता करने लगे।
पीड़िता के अनुसार, वह बाहर निकलतीं तो उनके साथ मारपीट हो सकती थी, इसलिए पति को फोन पर सूचना देकर चली गईं। इसके बाद प्रतापगढ़ चले जाने से तहरीर नहीं दे पाईं। थानाध्यक्ष विकासनगर आलोक कुमार सिंह ने बताया कि घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।