उत्तर प्रदेश में रविवार को मौसम ने अचानक करवट लिया। प्रदेश के पूर्वी और तराई इलाकों में तड़के पहर से ही झोंकेदार हवाएं चलने लगीं। घने काले बादल छा गए। पुरवाई और बादलों की मौजूदगी से पूर्वी संभाग में दिन के तापमान में तीन से पांच डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट देखने को मिली। हालांकि, दिल्ली एनसीआर से सटे जिलों में पारे में कोई उल्लेखनीय गिरावट नहीं आई।
आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ और निचले क्षोभमंडल में चक्रवाती परिसंचरण की वजह से पूर्वी और पश्चिमी हवाओं की परस्पर क्रिया हो रही है। इससे मौसम में बदलाव आया है। रविवार से सोमवार के दौरान प्रदेश के पूर्वी और तराई इलाकों में तेज हवाओं और गरज-चमक संग बूंदाबांदी की संभावना है। पश्चिमी विक्षोभ के असर से एक से चार मई तक पूरे यूपी में आंधी-पानी के आसार बन रहे हैं।
यह भी पढ़ेंः- UP News: सीएम योगी के निर्देश, रविवार को भी खुले रहेंगे गेहूं क्रय केंद्र; पंजीकरण से लेकर जानें हर अपडेट
सोनभद्र, चंदौली, गाजीपुर, मऊ, बलिया, देवरिया, गोरखपुर, संत कबीर नगर, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, बलरामपुर एवं आसपास के इलाकों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
बांदा, चित्रकूट, कौशाम्बी, प्रयागराज, फतेहपुर, प्रतापगढ़, सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, संत रविदास नगर, जौनपुर, गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, देवरिया, गोरखपुर, संत कबीर नगर, बस्ती, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, हरदोई, फरुखावाद, कन्नौज, कानपुर देहात, कानपुर नगर, उन्नाव, लखनऊ, बाराबंकी, रायबरेली, अमेठी, सुल्तानपुर, अयोध्या, अम्बेडकर नगर, इटावा, औरैया, जालौन, हमीरपुर, महोबा, झांसी, ललितपुर व आसपास के इलाकों में वज्रपात होने की संभावना है।