राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन से जुड़ीं प्रदेश की 14 लखपति दीदियां 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस की परेड में शिरकत करेंगी। कर्तव्य पथ पर ये दीदियां महिला सशक्तीकरण का प्रदर्शन कर प्रदेश की शान बनेंगी। उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने शुक्रवार को कैंप कार्यालय से लखपति दीदियों को दिल्ली के लिए रवाना किया। इस दौरान राज्य मंत्री विजय लक्ष्मी गौतम, प्रमुख सचिव ग्राम्य विकास सौरभ बाबू व अन्य लोग मौजूद रहे।
उप मुख्यमंत्री ने उन्हें रवाना करने से पहले उनसे संवाद कर उनके उद्यमों और कार्यों के बारे में जानकारी ली। उन्होंने कहा कि महिलाओं के आर्थिक विकास से ही प्रदेश का समग्र विकास संभव है। लखपति दीदी अभियान को जनआंदोलन का रूप दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि प्रदेश में एक करोड़ महिलाओं को लखपति दीदी बनाने का लक्ष्य तय किया गया है। उनका गणतंत्र दिवस की परेड में शिरकत करना प्रदेश के लिए गर्व की बात है। ये दीदियां पशुपालन, दुग्ध व्यवसाय, ई-रिक्शा संचालन, कैफे, मसाला निर्माण, जन सुविधा केंद्र सहित अन्य आजीविका गतिविधियों से आत्मनिर्भरता की मिसाल बनी हैं।