परिवहन विभाग का मामला
गोरखपुर, बुंदेलखंड व अयोध्या बनेंगे नए जोन
माई सिटी रिपोर्टर
लखनऊ। परिवहन विभाग में तीन नए परिक्षेत्र गठित होंगे। इसमें बुंदेलखंड, गोरखपुर व अयोध्या परिक्षेत्र बनेंगे। यहां तीन नए उप परिवहन आयुक्त तैनात किए जाएंगे। इससे उत्तर प्रदेश में अब नौ परिक्षेत्र हो जाएंगे।
अभी तक उत्तर प्रदेश में परिवहन विभाग के कुल छह परिक्षेत्र थे। तीन नए परिक्षेत्र के गठन के बाद अब इनकी संख्या बढ़ जाएगी। छह परिक्षेत्रों से कुछ-कुछ जिले काटकर तीन नए परिक्षेत्रों के साथ जोड़ा जाएगा। इन परिक्षेत्रों में तीन उप परिवहन आयुक्त, तीन प्रधान सहायक और तीन आशुलिपिक भी तैनात किए जाएंगे। इस बाबत परिवहन विभाग के प्रमुख सचिव अमित गुप्ता ने आदेश जारी किया है। लखनऊ परिक्षेत्र में लखनऊ देवीपाटन और गोंडा, अयोध्या परिक्षेत्र में अयोध्या और बस्ती, कानपुर क्षेत्र में कानपुर और प्रयागराज, झांसी परिक्षेत्र में चित्रकूट धाम बांदा और झांसी, मेरठ परिक्षेत्र में मेरठ, गाजियाबाद और सहारनपुर, आगरा परिक्षेत्र में आगरा और अलीगढ़, बरेली परिक्षेत्र में बरेली और मुरादाबाद, वाराणसी परिक्षेत्र में वाराणसी और मिर्जापुर, गोरखपुर परिक्षेत्र में गोरखपुर और आजमगढ़ जिले आएंगे। तीन नए जोन में तीन उप परिवहन आयुक्त की तैनाती होगी, जिनका वेतन बैंड 37400 रुपये से लेकर 67,400 रुपये होगा। ग्रेड वेतन 8700 रुपए होगा। प्रधान सहायक के तीन पद होंगे, जिनमें वेतनमान 9300 से 34800 और ग्रेड वेतन 4200 रुपये होगा। तीन आशुलिपिक रखे जाएंगे जिनका वेतन बैंड 5200 से 20,200 रुपये, ग्रेड पे 2800 रुपये होगा।