काकोरी इलाके में शुक्रवार देर रात शादी समारोह से दो लड़कों ने एक किशोरी का अपहरण कर लिया। इसके बाद कुछ दूर सुनसान स्थान पर ले गए और दोनों ने सामूहिक दुष्कर्म किया। वारदात के बाद दोनों भाग निकले। घर पहुंची किशोरी ने परिजनों को आपबीती बताई। पुलिस ने किशोरी की मां की तहरीर पर एफआईआर दर्ज कर एक किशोर को पकड़ लिया है, जबकि दूसरे की तलाश कर रही है।
इंस्पेक्टर काकोरी सतीश राठौर ने बताया कि किशोरी की मां की तहरीर पर नगर पंचायत क्षेत्र के ही दो किशोरों के खिलाफ पाॅस्को एक्ट और दुष्कर्म की धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया है। पीड़िता को मेडिकल परीक्षण के लिए भेज दिया गया है। जल्द ही दूसरे किशोरी को भी पकड़ लिया जाएगा। किशोरी की मां के मुताबिक शुक्रवार रात में उनके देवर की शादी थी। घर में शादी का जश्न मनाया जा रहा था।
तेज आवाज में डीजे भी बज रहा था। रात में करीब 11 बजे दो लड़कों ने किशोरी को अकेला पाकर उसे अगवा कर लिया। किशोरी के शोर मचाने पर उसके मुंह में कपड़ा ठूंस दिया। इसके बाद किशोरी को नहर पुलिया के पास लेकर गए और बारी-बारी से दुष्कर्म किया।
काफी दिन से किशोरी को कर रहे थे परेशान
किशोरी की मां का आरोप है कि दोनों आरोपी आए दिन उनकी बेटी को परेशान करते थे। कई बार उन्होंने दोनों को इसके लिए टोका भी था। बावजूद इसके दोनों की हिम्मत बढ़ती गई और उन्होंने दुस्साहसिक वारदात को अंजाम दे दिया। पीड़ित परिवार का कहना है कि अगर उन्हें दोनों की हरकतों का पता होता तो पहले ही उनके खिलाफ केस दर्ज करा देते। इंस्पेक्टर का कहना है कि सभी पहलुओं पर मामले की छानबीन की जा रही है। दूसरे किशोर के पकड़े जाने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।