यूपी टी-20 लीग के दूसरे संस्करण का बिगुल बज चुका है। शहर के अटल बिहारी वाजपेयी इकाना स्टेडियम में 25 अगस्त से 14 सितंबर तक चलने वाली लीग का ड्रॉ शनिवार को जारी किया गया। इसके उद्घाटन मुकाबले में गत विजेता काशी रुद्रास का सामना मेरठ मावरिक्स से होगा, जबकि मेजबान लखनऊ फाल्कन्स अपने अभियान की शुरुआत कानपुर सुपरस्टार्स के खिलाफ 26 अगस्त को करेगी।
जारी ड्रॉ के अनुसार लीग क फाॅर्मेट आईपीएल की तर्ज पर होगा, जहां नौ सितंबर को लीग चरण के समाप्ति होने तक लगातार मैच खेले जाएंगे। इस कड़ी में दस और 13 सितंबर को रेस्ट डे होगा, जबकि 11 सितंबर को पहला क्वालिफायर और एलिमिनेटर और 12 सितंबर को दूसरा क्वालिफायर मुकाबला खेला जाएगा। इसके बाद 14 सितंबर को फाइनल मुकाबला निर्धारित किया गया है। यूपीसीए के सीईओ अंकित चटर्जी ने बताया कि लीग के दौरान इकाना स्टेडियम में उद्घाटन समारोह और कुछ एक दिनों को छोड़कर लगभग सभी दिन दो मैच खेले जाएंगे। पहला मैच तीन बजे और दूसरा मैच साढ़े सात बजे से खेला जाएगा। लीग का शुभारंभ बीसीसीआई के उपाध्यक्ष और यूपीसीए के डायरेक्टर राजीव शुक्ला करेंगे।
बादशाह, जान्हवी और आयुष्मान लगाएंगे ग्लैमर का तड़का
लीग की उद्घाटन समारोह को रंगारंग बनाने की तैयारी की गई है। इसके अंतर्गत जाने-माने रैपर बादशाह के साथ अभिनेता आयुष्मान खुराना और अभिनेत्री जान्हवी कपूर अपनी प्रस्तुति देंगे। मिली जानकारी के अनुसार इकाना स्टेडियम में आयोजित होने वाला उद्घाटन समारोह एक घंटे तक चलेगा। इसके आधे घंटे के बाद पहला मैच खेला जाएगा। पहले दिन के लिए यूपीसीए की ओर से टिकट दरें तय की गई है, जो तीन सौ से लेकर तीन हजार तक होंगी। शनिवार देर रात बुक माई-शो पर टिकटों की ऑनलाइन बिक्री शुरू कर दी गई है।