डेंगू से लगातार हो रही मौतें और इसके इलाज में बरती जा रही लापरवाही पर हाईकोर्ट की फटकार के बाद चेती प्रदेश सरकार अब डेंगू को महामारी घोषित करेगी, जिससे इसके प्रकोप से प्रभावी तरह से निपटा जा सके।
इसके लिए जल्द ही कैबिनेट की बैठक में प्रस्ताव लाया जाएगा। यह जानकारी बृहस्पतिवार को मुख्य सचिव राहुल भटनागर ने इलाहाबाद हाईकोर्ट की लखनऊ बेंच को दी। इस मामले में दाखिल जनहित याचिका की सुनवाई के दौरान पेश हुए मुख्य सचिव ने अदालत को बताया कि डेंगू की रोकथाम के लिए सरकार ने फूलप्रूफ एक्शन प्लान तैयार किया है।
इसके तहत मुख्य सचिव की अध्यक्षता में गठित कमेटी डेंगू के प्रभाव को खत्म करने और इसके पीड़ितों को बेहतर इलाज की सुविधा मुहैया करवाने के कार्यों की निगरानी व संचालन कराएगी। वहीं टेक्निकल कमेटी में शामिल विशेषज्ञ डेंगू के इलाज के लिए ट्रीटमेंट प्लान के साथ असरदार दवा व जांच-परीक्षण से जुड़े कार्यों को आसान व सुलभ बनाने के संबंध में सुझाव देंगे।