74 महान विभूतियों को सीएम अखिलेश गुरुवार को यश भारती सम्मान से नवाजा। सीएम अखिलेश ने लोकभवन पहुंचकर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। वहीं मुलायम सिंह कार्यक्रम में नहीं पहुंचे। इस दौरान सीएम अखिलेश ने बताया कि जो प्रतिभाशाली विभूतियां चलने फिरने में लाचार थीं नेता जी ने उनको घर जाकर सम्मानित किया।
सीएम ने बताया कि हरिवंश राय को नेता जी ने मुम्बई जाकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि सपा ने हमेशा प्रतिभा का सम्मान किया है और हम चाहते हैं कि आगे भी हमें ऐसा करने का मौका मिले। इस दौरान अखिलेश यादव ने सपा सरकार की उपलब्धियां भी गिनवाईं।
अवॉर्ड के लिए और नाम शामिल करने का क्रम समारोह के एक दिन पूर्व तक जारी रहा। बुधवार को भी छह और लोगों को यश भारती देने का निर्णय किया गया। इनमें चिकित्सा शिक्षा के लिए डॉक्टर मंसूर हसन, साहित्य के लिए दीन मुहम्मद दीन, दूरदर्शन से जुड़ी शिखा द्विवेदी, अर्जुन अवार्ड प्राप्त रचना गोविल, सैन्य सेवा के लिए ले.जनरल एके सिंह और निशानेबाजी के लिए मुराद खान शामिल हैं।