लखनऊ में बिजली कटौती से नाराज लोगों ने किया हंगामा। फाइल फोटो।
- फोटो : अमर उजाला
धनतेरस व दीपावली पर्व के मौके पर बिजली कटौती को लेकर लेसा अधिकारियों के दावे और हकीकत में काफी अंतर है। मंगलवार को शडडाउन की बिना किसी सूचना के सरयू एनक्लेव सोसायटी अवध विहार योजना में बिजली कटौती की गई। इससे यहां अलग-अलग टॉवर में रह रहे करीब पांच हजार लोग 9 घंटे तक बिना बिजली के परेशान रहे। इस दौरान लोगों ने फोन भी किया लेकिन, किसी अधिकारी का फोन नहीं उठा।
सरयू एनक्लेव की अध्यक्ष मीना सिंह ने बताया मंगलवार को दोपहर 12:00 से लेकर रात 9:00 तक बिजली नहीं आई। उन्होंने बताया कि कई बार अधिकारियों को फोन किया गया पर कोई सुनवाई नहीं हुई। उन्होने बताया कि इसी तरह से सोमवार को भी यहां बिना किसी सूचना के बिजली कटौती की गई थी।
इसके अलावा बिजनौर स्थित शारदा नगर विस्तार उपकेंद्र अंतर्गत चन्द्रावल फीडर के नटकुर, चन्द्रावल, बिजनौर सहित दर्जनों गांवों की करीब एक घंटे बिजली आपूर्ति ठप रही। वहीं अलीगंज के बिधिया टोला, चौधरी टोला, मेहंदी टोला, ततारपुर साहित आस पास के इलाके में बिजली की आवाजही दिनभर बनी रही, चौक, गोमतीनगर विस्तार के विराज खंड, विराम खंड में करीब एक घंटे तक बिजली आपूर्ति ठप रही। जबकि लेसा के अधिकारियों का दावा है कि बिना किसी सूचना के कटौती कहीं नहीं हो रही है।