लखनऊ में सौर ऊर्जा का लाभ तेजी से उपभोक्ताओं को मिल रहा है। मई और जून में 46,914 उपभोक्ताओं का बिजली बिल खपत से अधिक उत्पादन के कारण निगेटिव आया। इनमें 23,277 उपभोक्ताओं का बिल शून्य रहा। पीएम सूर्यघर योजना के तहत लखनऊ सोलर पैनल लगाने में प्रदेश में सबसे आगे है।
खदरा निवासी आमिर का हर महीने करीब दो हजार रुपये तक का आने वाला बिजली का बिल इस माह निगेटिव हो गया। उनके घर पर लगे सोलर पैनल की बदौलत यह मुमकिन हुआ। इसने इतनी बिजली का उत्पादन किया कि अब विद्युत निगम के पास उनकी अतिरिक्त यूनिट जमा हो गई। सूर्यदेव की मेहरबानी से शहर के 46 हजार से ज्यादा उपभोक्ताओं के घर लक्ष्मी बरसी है। इनमें से 23 हजार से अधिक का बिजली बिल शून्य हो गया है।
अलीगंज के अजय कुमार की भारी बिजली बिल की समस्या का समाधान सोलर पैनल से हो गया। जुलाई के बिल में उनकी देय रकम करीब एक हजार रुपये निगेटिव में है। पिछले माह भी बिल निगेटिव में था। इसी तरह हसीन जहां का बिल घटकर पांच सौ रुपये के करीब आ गया है। वहीं, टीकाराम के पीओ नेडा ने बताया कि राजधानी में अगस्त में अब तक 4221 सोलर पैनल लग चुके हैं। सोलर लगाने में लखनऊ यूपी में पहले स्थान पर है।