पीएम मोदी ने की चौरीचौरा शताब्दी महोत्सव की शुरुआत।
- फोटो : अमर उजाला।
चौरी चौरा शताब्दी महोत्सव के तहत प्रदेश भर में राष्ट्रभावना को जागृत करने वाले अभियान के रूप में राष्ट्रगीत को गाने के मामले में उत्तर प्रदेश ने मात्र दो घंटे में ही चीन का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। उत्तर प्रदेश ने एक लाख 40 हजार से अधिक वीडियो अपलोड की जानकारी गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड को भेजी है। सैल्यूट की मुद्रा में वंदे मातरम गायन के 20 हजार वीडियो तो मात्र दो घंटे में ही अपलोड हो गए थे जबकि इतने ही वीडियो के लिए भारत से ज्यादा जनसंख्या वाले पूरे चीन को 29 दिन में मात्र 10400 वीडियो मिल पाए थे।
संस्कृति विभाग के प्रमुख सचिव मुकेश मेश्राम ने बताया कि पीपुल्स ऑफ रिपब्लिक ऑफ चाइना की स्थापना के 70 वर्ष पूरे होने पर चीन ने दिसंबर 2019 में सैल्यूट की मुद्रा में देश भक्ति और मातृ भूमि के प्रति श्रद्धा का भाव प्रदर्शित करने वाले वीडियो अपलोड करने का अभियान शुरू किया था। इसके तहत चीन ने 29 दिन में दस हजार 400 वीडियो अपलोड कर गिनीज बुक में नाम दर्ज कराया था।
मेश्राम ने बताया कि चौरी चौरा शताब्दी वर्ष के अवसर पर राष्ट्रगीत गाने के अभियान में सभी स्कूल-कॉलेजों के विद्यार्थियों के साथ आम जनता को जोड़ा गया। उनसे सैल्यूट की मुद्रा में वंदे मातरम गीत गायन करते हुए 20 सेकेंड के वीडियो अपलोड कराए गए। उन्होंने बताया कि गिनीज बुक की ओर से दिए गए लिंक पर बृहस्पतिवार को सुबह 10 से 12 बजे तक 20 हजार से अधिक वीडियो अपलोड किए गए। जबकि शाम तक इनकी संख्या एक लाख 40 हजार से अधिक पहुंच गई। उन्होंने बताया कि कोरोना संक्रमण के कारण गिनीज बुक की ओर से सामूहिक गायन के रिकार्ड को मंजूरी नहीं दी जा रही है। इसलिए वीडियो अपलोड करने का अभियान चलाया गया।
एक-एक वीडियो की होगी ऑडिट
मेश्राम ने बताया कि गिनीज बुक की ओर से एक-एक वीडियो की ऑडिट की जाएगी। वीडियो निर्धारित प्रारूप, सही वेशभूषा, और सही मुद्रा में नहीं होने पर वीडियो को निरस्त कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश की ओर से अपलोड अधिकांश वीडियो स्कूल-कॉलेज के विद्यार्थियों के हैं। उन्हें शिक्षकों ने गाइड किया था। इसलिए यूपी के पांच से सात प्रतिशत वीडियो ही निरस्त होने की उम्मीद है।