गर्मी में चार और सर्दी में पांच घंटे खुलें स्कूल
राष्ट्रीय शैक्षिक महांसघ, प्राथमिक संवर्ग ने प्राथमिक व उच्च प्राथमिक विद्यालयों में शैक्षणिक घंटों को आरटीई-2009 के अनुसार निर्धारित करने की मांग की है। इसके लिए संगठन ने प्रमुख सचिव बेसिक शिक्षा विभाग और महानिदेशक स्कूल शिक्षा को मांगपत्र भेजा है।
इसमें प्रदेश अध्यक्ष शिवशंकर सिंह ने गर्मी में चार घंटे और जाड़े में पांच घंटे से अधिक की विद्यालय अवधि को बच्चों के मानसिक और शारीरिक विकास के लिए प्रतिकूल बताया है। उन्होंने कहा कि बच्चों की मानसिक ऊर्जा सीमित होती है इसलिए बहुत लम्बे समय तक स्कूल में रहना उनके लिए तनावपूर्ण होता है।
प्रदेश महामंत्री प्रदीप तिवारी ने कहा कि आरटीई के अंतर्गत एक शैक्षणिक सत्र में विद्यालयों में कार्यदिवस व समय निर्धारित किया गया है। जो कक्षा 1 से कक्षा 5 तक के लिए 200 कार्यदिवस और 800 घंटे व कक्षा 6 से कक्षा 8 तक के लिए 220 कार्यदिवस और 1000 घंटे है।
प्रदेश मीडिया प्रभारी बृजेश श्रीवास्तव ने बताया कि संगठन ने मांग की है कि स्कूलों का समय गर्मी में सुबह 7:30 से दोपहर 12 बजे तक साढ़े चार घंटे तथा जाड़े में पांच घंटे किया जाना उचित होगा। इससे हर साल मौसम खराब होने पर बार-बार समय बदलने की जरूरत भी नहीं पड़ेगी।