24 करोड़ की जमीन खरीदे जाने का आरोप लगाया
संजय सिंह ने आरोप लगाया कि चंपत राय के हस्ताक्षर वाले दस्तावेजों में जमीन की खरीद को लेकर गंभीर अनियमितताएं सामने आती हैं। उनका दावा है कि दो करोड़ रुपये की जमीन पांच मिनट के भीतर साढ़े 18 करोड़ रुपये में खरीदी गई। उन्होंने नौ करोड़ की जमीन 55 करोड़ और 1.73 करोड़ रुपये की जमीन 24 करोड़ रुपये में खरीदे जाने का भी आरोप लगाया।
कथित तौर पर क्लीन चिट पर उठाए सवाल
संजय सिंह ने कहा कि यदि मामला अभी जांच के स्तर पर है और सुप्रीम कोर्ट ने स्टेटस रिपोर्ट मांगी है तो कथित तौर पर क्लीन चिट दिए जाने की खबरों की स्थिति स्पष्ट होनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्य आरोपियों को बचाना राम भक्तों के साथ विश्वासघात है।
सुबूत लेकर सुप्रीम कोर्ट जाने की चेतावनी
आप सांसद ने कहा कि वह जांच में सहयोग करना चाहते हैं और इसी वजह से एसआईटी को सभी दस्तावेज सौंपने के लिए समय मांग रहे हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि इन दस्तावेजों के आधार पर निष्पक्ष और पारदर्शी जांच नहीं हुई तो वह सभी सुबूत लेकर सुप्रीम कोर्ट का रुख करेंगे।
उन्होंने बताया कि इस संबंध में वह लखनऊ में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पूरे मामले से जुड़े तथ्य जनता के सामने रखेंगे और एसआईटी से पूर्व में सौंपे गए दस्तावेजों पर हुई कार्रवाई की जानकारी भी मांगेंगे।