बसपा अध्यक्ष मायावती ने वाराणसी में अहिल्याबाई होल्कर की मूर्ति हटाने के मामले में राज्य सरकार से स्थिति को स्पष्ट करने की मांग की। उन्होंने शनिवार को जारी अपने बयान में कहा कि वाराणसी में अहिल्याबाई होल्कर की मूर्ति को हटाये जाने की खबर न केवल चर्चाओं में है, बल्कि इससे समाज के एक बड़े वर्ग में काफी रोष व आक्रोश भी व्याप्त है। इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना को लेकर सरकार को अपनी स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए ताकि लोगों की आस्था व भावनाएं आहत ना हों।
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा की सरकार में जितने पौराणिक मंदिर तोड़े गए हैं, उतना धरती पर किसी राजा ने नहीं तोड़े हैं। उन्होंने कहा, मैं सैफई (इटावा) में एक मंदिर बनवा रहा हूं, भाजपा के लोग उसमें भी अड़ंगा लगा रहे हैं। अखिलेश ने शनिवार को भुवनेश्वर में विजन इंडिया कार्यक्रम के बाद आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में उन्होंने मणिकार्णिका के बहाने यह बात कही। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कई मंदिर तोड़े गए। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में कफ सिरप में घोटाला हुआ। नोटबंदी में घोटाला किया। गंगा की सफाई में घोटाला किया। ऐसे ही भाजपा के लोग एसआईआर में घोटाला करना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि सपा की लीगल टीम से कहेंगे की सुप्रीम कोर्ट जाए, जिससे यह बात साफ हो जाए कि राज्य निर्वाचन आयोग की वोटर लिस्ट ठीक है या केंद्रीय चुनाव आयोग की मतदाता सूची सही है। एक सवाल के जवाब अखिलेश यादव ने कहा कि उत्तर प्रदेश में सभी 80 लोकसभा सीट भी सपा जीत जाए तब भी वे ईवीएम को पसंद नहीं करेंगे। उधर अखिलेश ने मणिकर्णिका घाट पर तोड़फोड़ न किए जाने के सरकार के दावे को गलत बताया है। उन्होंने कहा कि सीएम यह बात काशी के लोगों की आंखों में आंखें डालकर कहकर दिखाएं।
मणिकर्णिका पर सोशल मीडिया पर टिप्पणी के मामले में आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह, बिहार के कांग्रेस नेता पप्पू यादव, हरियाणा की कांग्रेस नेता जसविंदर कौर समेत आठ लोगों के खिलाफ चौक थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है। एसीपी दशाश्वमेध अतुल अंजन त्रिपाठी ने बताया कि प्रोजेक्ट मैनेजर मनो की तहरीर के आधार पर आप के राज्यसभा सांसद संजय सिंह, बिहार कांग्रेस नेता पप्पू यादव, हरियाणा की कांग्रेस नेता जसविंदर कौर और आशुतोष पोटनिस पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। वहीं, नगर निगम के अपर नगर आयुक्त संगम लाल की तहरीर के आधार पर प्रज्ञा गुप्ता, मनीष सिंह, रितु राठौर और संदीव देव के खिलाफ एआई का प्रयोग कर एक्स हैंडल पर दुष्प्रचार करने का आरोप दर्ज किया गया है।