उत्तर प्रदेश के करोड़ों बिजली उपभोक्ताओं को अक्तूबर के बिल में राहत मिली है। उन्हें एफपीपीसीए (ईंधन अधिभार) के तहत 5.24 फीसदी की राहत दी गई है। उप्र पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड ने मंगलवार को इससे संबंधित आदेश जारी कर दिया। इस आदेश के बाद बिजली की दर में प्रभावी रूप से 5.24 फीसदी की कमी आएगी। इससे उपभोक्ताओं को लगभग 424 करोड़ रुपये का कुल लाभ मिलेगा।
उत्तर प्रदेश राज्य विद्युत उपभोक्ता परिषद के अध्यक्ष अवधेश कुमार वर्मा ने बताया कि उपभोक्ता परिषद ने अक्तूबर में 5 फीसदी से अधिक एफपीपीसीए राहत की बात कही थी। पावर कारपोरेशन के आदेश के बाद यह सही साबित हुई है। उपभोक्ताओं को सितंबर में 7.93 फीसदी, अगस्त में 2.92 फीसदी और जुलाई में 4.43 फीसदी राहत मिली थी।
ये भी पढ़ें - उपलब्धि : यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो में 6500 करोड़ के हुए एमओयू, 15,500 करोड़ का हुआ कारोबार
ये भी पढ़ें - यूपी: सस्ते स्मार्टफोन की आपूर्ति 95 प्रतिशत घटी, सरकार से जीएसटी घटाने की मांग
अक्तूबर की राहत के साथ यह लगातार चौथा महीना है जब बिजली उपभोक्ताओं को एफपीपीसीए के माध्यम से लाभ मिला है। परिषद ने यह मामला उप्र विद्युत नियामक आयोग के समक्ष मजबूती से रखा था। लगातार पैरवी और नियमानुसार गणना के प्रयासों के बाद यह लाभ मिल रहा है। परिषद आगे भी एफपीपीसीए की गणना और उसके लाभ पर नजर रखेगी। इसका उद्देश्य है कि बिजली उपभोक्ताओं को उनका वैधानिक लाभ समय पर मिलता रहे।