गोंडा जेल में महाकुंभ के जल से स्नान करते कैदी।
- फोटो : amar ujala
यूपी के गोंडा जिले और अयोध्या मंडल की जेल सहित प्रदेश की कई जेलों के कैदियों ने शुक्रवार को महाकुंभ स्नान किया। कैदियों के लिए महाकुंभ से जल लाया गया था जहां पर सभी ने पूजा-पाठ करने के बाद स्नान किया। इस संबंध में कारागार मंत्री ने आदेश दिया था जिस पर जेल में ही कैदियों के स्नान के लिए महाकुंभ के जल की व्यवस्था की गई।
जेल में सामूहिक स्नान के लिए एक बड़े से हौद में महाकुंभ का जल भर दिया। जहां पर कैदियों ने पहले पूजन किया और आरती उतारी। इसके बाद स्नान किया।
गोंडा जेल के अधीक्षक अपूर्व व्रत पाठक ने बताया कि शासन से प्राप्त निर्देशों के क्रम में जिला कारागार गोंडा में बंदियों को महाकुंभ के जल से सामूहिक स्नान कराया गया है। महाकुंभ के जल से स्नान करने के बाद बंदियों के चेहरे पर भी प्रसन्नता थी। इस अवसर पर जेलर शिव प्रताप मिश्रा, डिप्टी जेलर सुरेश कुमार, शैलेंद्र वर्मा सहित जेल के सभी अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।