यूपी के सुल्तानपुर जिले में अमेठी तहसील में आने वाले जामों के पास एक सनसनीखेज घटना हुई। मनारघाट के पास मंगलवार की रात मंदिर के पुजारी की धारदार हथियार से हत्या कर लुटेरों ने मंदिर में लूटपाट की।
बुधवार की सुबह हत्या की सूचना पाते ही पुलिस अधीक्षक पुलिस टीम के साथ मंदिर पहुंचे और जांच की। पुलिस ने पुजारी के छोटे भाई की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया है। रहस्यमयी हालत में हुई इस हत्या की वजह अभी पुलिस नहीं खोज पाई है।
जामों थाना क्षेत्र के पूरब गौरा निवासी राम नरेश मौर्य (50) पुत्र राम नारायण मौर्य क्षेत्र के मनार घाट के पास स्थित पहलवान वीर बाबा मंदिर में करीब 15 वर्षों से पुजारी थे। इसी मंदिर में जगदंबा प्रसाद त्रिपाठी भी पुजारी थे।
मंगलवार को जगदंबा प्रसाद अपने दामाद सदाशिव मिश्र निवासी कटारी के घर गए थे जबकि राम नरेश अकेले ही मंदिर पर थे। बुधवार की सुबह दामाद के घर से वापस पहुंचे जगदंबा प्रसाद त्रिपाठी को मंदिर परिसर में बने कमरे की छत पर राम नरेश का लहूलुहान शव मिला।