पीसीएस-2015 प्रारंभिक परीक्षा को लेकर बवाल अभी थमा भी नहीं कि एक और नए विवाद ने जन्म ले लिया। अब तक पहले सत्र का पेपर आउट होने की बात सामने आ रही थी लेकिन बृहस्पवितार को हालात और बिगड़ गए जब दूसरे सत्र का पेपर आउट होने की चर्चा शुरू हो गई।
इस चर्चा को उस वक्त और बल मिल गया, जब एक अभ्यर्थी ने दूसरे सत्र का बिना सील वाला पेपर वॉह्टस एप पर वायरल कर दिया। अभ्यर्थी को यह पेपर लखनऊ के ही एक परीक्षा केंद्र से मिला है।
मामला खुलने पर अभ्यर्थी और भड़क गए हैं। इसके साथ ही प्रतियोगियों की ओर से पूरी परीक्षा को निरस्त किए जाने की मांग भी तेज हो गई है। प्रतियोगी इसे मुद्दे पर भी न्यायालय जाने की तैयारी में हैं।
रविवार को आयोजित प्रारंभिक परीक्षा में पहला पेपर आउट हो गया था। इसके बाद पहले पेपर की परीक्षा स्थगित कर दी गई जबकि दूसरे पेपर में गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए स्थगित करने की मांग को लेकर प्रतियोगी आंदोलनरत हैं।