जर्जर हो चुका केजीएमयू का पुराना डेंटल भवन ध्वस्त किया जाएगा। इसके स्थान पर नया डेंटल भवन और इसी से सटे स्थान पर एपेक्स सेंटर फॉर चाइल्ड एंड वूमेन हेल्थ का निर्माण होगा। केजीएमयू की ओर से इसके लिए 400 करोड़ रुपये का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है। कुलपति प्रो. सोनिया नित्यानंद ने बताया कि पुराने डेंटल भवन को काफी पहले जर्जर घोषित किया जा चुका है। मरीजों की सुरक्षा को देखते हुए इसके विभाग नए भवन में शिफ्ट किए गए हैं। अब जर्जर भवन ध्वस्त कर नया भवन बनाया जाना है। नए भवन में चार विभाग संचालित करने की योजना है। प्रस्ताव पर शासन की मंजूरी मिलने के बाद काम शुरू हो जाएगा।
एक ही भवन में मां और शिशु का इलाज केजीएमयू के स्त्री एवं प्रसूति रोग विभाग (क्वीन मेरी अस्पताल) के पीछे खाली पड़ी जमीन पर एपेक्स सेंटर फॉर चाइल्ड एंड वूमेन हेल्थ का निर्माण होगा। इसका निकास डेंटल भवन की तरफ होगा। यहां एक ही भवन में मां और उसके शिशु को इलाज मिल सकेगा। अभी नवजात को ट्रॉमा सेंटर में स्थित वार्ड में शिफ्ट करना पड़ता है। प्रस्तावित भवन में 100 बेड का क्रिटिकल केयर यूनिट बनेगा, जिसमें 50 बेड मेटरनल इंटेसिव केयर यूनिट (एमआईसीयू) और 50 बेड नियोनेटल इंटेसिव केयर यूनिट (एनआईसीयू) के होंगे।