उत्तर प्रदेश राज्य पर्यटन विकास निगम (यूपीएसटीडीसी) ने श्रद्धालुओं के लिए लखनऊ से अयोध्या तक विशेष टूर पैकेज की शुरुआत की है। सुगम दर्शन सेवा से अब बिना लंबी कतार में प्रतीक्षा किए सीधे श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र में रामलला के दर्शन कर सकेंगे। अयोध्या जिला प्रशासन के सहयोग से यह विशेष व्यवस्था श्रद्धालुओं के लिए की जाएगी।
एक दिवसीय आरामदायक यात्रा के लिए टेंपो ट्रेवलर सेवा 21 फरवरी से शुरू की जा रही है। इसमें टेंपो ट्रेवलर से यात्रा, सरयू गेस्ट हाउस में दोपहर का भोजन, शाम की चाय, स्थानीय गाइड तथा पेयजल की सुविधा मिलेगी। वरिष्ठ नागरिकों के लिए पैकेज शुल्क 1500 तथा अन्य के लिए 2000 रुपये निर्धारित किया गया है। हर यात्री को स्मृति-चिन्ह भी दिया जाएगा, जो उनकी यात्रा को यादगार बनाएगा।
ये भी पढ़ें - प्रदेश में बेलगाम हुई हुई नौकरशाही, थानेदार तक नहीं उठाते विधायकों के फोन; विधानसभा में उठा मुद्दा
ये भी पढ़ें - कल से यूपी बोर्ड परीक्षाएं, 8033 केन्द्रों पर होगी आयोजित; 53 लाख से अधिक परीक्षार्थी होंगे शामिल; जानिए डिटेल
पर्यटन व संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि इसकी बुकिंग यूपीएसटीडीसी की वेबसाइट upstdc.co.in के माध्यम से कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि पूर्व में शुरू किए गए लखनऊ-अयोध्या टूर पैकेज का काफी श्रद्धालुओं ने लाभ लिया है। इसमें यात्रा सुबह 08 बजे होटल गोमती से शुरू होगी ओर 10:30 बजे अयोध्या पहुंचेगी। यात्रियों को हनुमानगढ़ी, श्रीराम जन्मभूमि और कनक भवन के दर्शन कराए जाएंगे। दोपहर में भोजन के बाद सरयू रिवर फ्रंट (राम की पैड़ी) व नागेश्वरनाथ मंदिर का भ्रमण कराया जाएगा। रात लगभग 08:30 बजे लखनऊ वापसी होगी।
जल्द ही नीब करौरी बाबा के लिए टूर पैकेज
मंत्री ने कहा कि यूपीएसटीडीसी जल्द ही नीब करौरी बाबा से जुड़े प्रमुख आध्यात्मिक स्थलों के लिए टूर पैकेज शुरू करने की तैयारी में है। प्रस्तावित पैकेज से देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को यूपी के आध्यात्मिक केंद्रों का समग्र अनुभव मिलेगा। इसके साथ ही निगम राजधानी में डबल डेकर बस सेवा के साथ ही नैमिषारण्य, वाराणसी-प्रयागराज तथा दुधवा के लिए भी टूर पैकेज चला रहा है।