विधानसभा चुनाव नजदीक आते ही एनडीए के सहयोगी दलों ने अपनी राजनीतिक सक्रियता बढ़ा दी है। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह से मुलाकात के बाद सहयोगी दल अधिक सीटों की मांग करने लगे हैं। सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) और अपना दल (सोनेलाल) भी इसी राह पर हैं। निषाद पार्टी के अध्यक्ष संजय निषाद ने गोरखपुर में धरना देकर अपने इरादे जाहिर कर दिए। हालांकि, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी से कुछ आश्वासन मिलने के बाद उन्होंने धरना समाप्त कर दिया। सहयोगी दलों की इस प्रेशर पॉलिटिक्स का सामना भाजपा को आगे भी करना पड़ सकता है।
निषाद पार्टी चुनाव के दौरान आरक्षण की मांग को लेकर लगातार मुखर रही है। उचित भागीदारी नहीं मिलने पर वह अलग राह चुनने की घोषणा भी कर चुकी है। हालांकि, अमित शाह से मुलाकात के बाद संजय निषाद ने एनडीए के साथ बने रहने का भरोसा दिया था। इसके बावजूद धरना देकर उन्होंने अपनी नाराजगी जाहिर कर दी।
इसी तरह सुभासपा भी पिछड़ी जातियों के आरक्षण में बंटवारे की मांग को लगातार चुनावी मुद्दा बनाती रही है। पिछले विधानसभा चुनाव में इसी मुद्दे पर उसने भाजपा से दूरी बनाकर सपा के साथ गठबंधन किया था। हालांकि, बाद में सपा का साथ छोड़कर वह एनडीए में शामिल हो गई। अब विधानसभा चुनाव नजदीक आते ही सुभासपा भी अधिक सीटों की मांग कर रही है। अपना दल (सोनेलाल) की अध्यक्ष अनुप्रिया पटेल ने भी हाल ही में राजधानी में आयोजित पार्टी के सम्मेलन में चुनाव में अधिक भागीदारी देने की मांग उठाई थी।
सपा भी कर चुकी है घेराबंदी
सपा ने बीते दिनों एनडीए के सहयोगी दलों को मिलने वाली सीटों को लेकर कुछ आंकड़े जारी किए थे। इसमें सहयोगी दलों को उनकी जातियों के बीच स्वीकार्यता के आधार पर अधिक भागीदारी देने की बात कही गई थी। हालांकि, भाजपा नेताओं ने इन आंकड़ों को खारिज करते हुए इसे सपा की साजिश करार दिया था। अब चुनाव के दौरान सीटों के बंटवारे में सहयोगी दलों को कितनी हिस्सेदारी मिलती है और इसके बाद उनका रुख क्या रहता है, इस पर सबकी नजर रहेगी।