प्रदेश सरकार होटल इंडस्ट्री को प्रशिक्षित युवा उपलब्ध कराने और पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए प्रदेश में दो नए होटल मैनेजमेंट इंस्टीट्यूट की योजना पर काम कर रही है। महोबा में पब्लिक प्राइवेट पार्टनरशिप (पीपीपी) मॉडल पर होटल मैनेजमेंट इंस्टीट्यूट खोलने की कार्यवाही शुरू कर दी गई है। ब्रज में भी इसी तरह का एक इंस्टीट्यूट खोलने का प्रस्ताव है।
प्रमुख सचिव पर्यटन मुकेश मेश्राम ने बताया कि बुंदेलखंड में पर्यटन को बढ़ावा देने का प्रयास किया जा रहा है। महोबा में होटल मैनेजमेंट इंस्टीट्यूट खोलने की पहल इसी का हिस्सा है। इसके लिए महोबा के जिलाधिकारी को जमीन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है। उन्होंने बताया कि इंस्टीट्यूट की स्थापना के लिए लागत का 30 फीसदी पूंजीगत अनुदान दिया जाएगा। इससे होटल मैनेजमेंट सेक्टर के लिए प्रशिक्षित युवा तैयार किए जा सकेंगे। यहां से बांदा और चित्रकूट आदि क्षेत्र के युवाओं को प्रशिक्षित किया जा सकेगा।
उन्होंने बताया कि यहां से प्रशिक्षण प्राप्त कर निकलने वाले युवाओं के लिए रोजगार के अवसर भी उपलब्ध होंगे। यहां पर राजस्थान की तर्ज पर होटल भी विकसित किए जाएंगे। एक्सप्रेस-वे के किनारे इंडस्ट्री का तेजी से विकास हो रहा है। यह भी पर्यटन को सहयोग देगा। उन्होंने बताया कि बुंदेलखंड पर्यटन की दृष्टि से उपेक्षित था। धीरे-धीरे इस क्षेत्र में संभावनाएं बढ़ी हैं। उन्होंने बताया कि लखनऊ में पहले से इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट चल रहा है।
पश्चिम में ब्रज में भी एक इंस्टीट्यूट खोले जाने की योजना है। हाल में संपन्न वैश्विक निवेशक सम्मेलन में जापान ने आगरा, अयोध्या, वाराणसी समेत प्रदेश के विभिन्न शहरों में ३० नए होटल खोलने के लिए एमओयू किया है। इस 7200 करोड़ के निवेश से 10 हजार से अधिक युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध होंगे। इसके लिए भी प्रशिक्षित युवाओं की जरूरत पड़ेगी। उन्होंने बताया कि हम इसे भी ध्यान में रखकर काम कर रहे हैं।