यूपी के पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह।
- फोटो : amar ujala
यूपी के पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने महाकुंभ 2025 की तैयारियों को लेकर सवाल उठाने पर सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव पर पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव को कुंभ में आना चाहिए और डुबकी लगाकर पापों से मुक्त होना चाहिए। उन्होंने महाकुंभ में आतंकी हमले की धमकी पर कहा कि कुंभ में ऐसी सुरक्षा व्यवस्था होगी कि परिंदा भी पर नहीं मार पाएगा फिर भी सभी जानते हैं कि योगी सरकार ऐसे गड़बड़ी करने वालों का क्या हाल करती है।
पर्यटन मंत्री बृहस्पतिवार को कुंभ की तैयारियों को लेकर मीडिया को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि महाकुंभ के लिए हम पूरी तरह तैयार हैं। यहां पर आने वाले श्रद्घालुओं को ऐसी सुविधा दी जाएगी कि वो हमारे एंबेसडर बनकर जाएंगे। वहीं, एआईएमआईएम के सांसद असदुद्दीन औवैसी के बयान पर कहा कि यूपी में सभी धर्म को लोगों को अपनी सुविधा अनुसार पूजा करने की आजादी है।
प्रयागराज में होगी कैबिनेट बैठक
उन्होंने कहा कि कुंभ के दौरान यूपी की कैबिनेट बैठक भी प्रयागराज में होगी और पूरी कैबिनेट कुंभ स्नान करेगी। इसकी जानकारी दे दी जाएगी।
हेलीकॉप्टर से ले सकेंगे एरियल व्यू
महाकुंभ के बारे में जानकारी देते हुए उन्होंने कहा कि पर्यटक कुंभ क्षेत्र का एरियल व्यू ले सकेंगे। तीन हजार रुपये में आठ मिनट का भ्रमण कराया जाएगा। यह कुंभ आध्यात्मिक के साथ ही डिजिटल व्यवस्थाओं के लिए भी जाना जाएगा। कुंभ के बारे में कोई भी जानकारी एआई चैटबोट और क्यूआर कोड से मिल जाएगी।