इन जिलों को मिले नए जिलाधिकारी
भदोही के जिलाधिकारी शैलेश कुमार को चंदौली का डीएम बनाया गया है। अपर आयुक्त एवं अपर निबंधक (बैंकिंग) अनिल कुमार सिंह को भदोही का जिलाधिकारी और भदोही औद्योगिक विकास प्राधिकरण का मुख्य कार्यपालक अधिकारी नियुक्त किया गया है। चंदौली के डीएम चंद्र मोहन गर्ग को मुख्यमंत्री का विशेष सचिव बनाया गया है।
रमेश रंजन को गोंडा का नया जिलाधिकारी बनाया गया है। वह अभी राजस्व परिषद में अपर भूमि व्यवस्था आयुक्त के पद पर तैनात थे। गोंडा की डीएम प्रियंका निरंजन को विशेष सचिव, नगर विकास बनाया गया है। स्थानांतरणाधीन उमेश मिश्रा को जौनपुर का जिलाधिकारी नियुक्त किया गया है।
जौनपुर के डीएम सैमुएल पॉल एन को अपर आयुक्त एवं अपर निबंधक (बैंकिंग), सहकारी समितियां की जिम्मेदारी दी गई है। मनोज कुमार राय को श्रावस्ती का नया जिलाधिकारी बनाया गया है। वह अभी विशेष सचिव, नागरिक सुरक्षा एवं राजनैतिक पेंशन के पद पर तैनात थे। श्रावस्ती की डीएम अन्नपूर्णा गर्ग को विशेष सचिव, बाल विकास एवं पुष्टाहार बनाया गया है।
शामली में भी बदले डीएम
शामली के जिलाधिकारी आलोक यादव को विशेष सचिव, आईटी एवं इलेक्ट्रॉनिक्स बनाया गया है। वहीं, ग्रेटर नोएडा के अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी प्रवीण वर्मा को शामली का नया जिलाधिकारी नियुक्त किया गया है।
सौम्या अग्रवाल को अतिरिक्त जिम्मेदारी
श्रमायुक्त सौम्या अग्रवाल को उत्तर प्रदेश राज्य वस्त्र निगम, स्टेट स्पिनिंग कंपनी, स्टेट यार्न कंपनी और सहकारी कताई मिल्स संघ के प्रबंध निदेशक का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। इसके साथ ही उन्हें उत्तर प्रदेश टेक्सटाइल एवं अपैरल पार्क औद्योगिक विकास प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी का भी अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।