भाजपा ने प्रदेश की ऐतिहासिक सीट इलाहाबाद पर हाईकोर्ट के अधिवक्ता नीरज त्रिपाठी को मौका दिया है। यह वही सीट है जिससे देश के दूसरे प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री व वीपी सिंह, पूर्व मुख्यमंत्री हेमवती नंदन बहुगुणा, भाजपा के पूर्व अध्यक्ष डॉ. मुरली मनोहर जोशी, समाजवादी नेता जनेश्वर मिश्र व फिल्मों के महानायक अमिताभ बच्चन जैसी बड़ी शख्सियत सांसद रहे हैं।
58 साल के नीरज की अपनी पहचान है। विधि स्नातक नीरज पिछले 31 वर्षों से हाईकोर्ट में वकालत कर रहे हैं और पिछले सात साल से राज्य सरकार के अपर महाधिवक्ता हैं। उनकी पैरवी से हाईकोर्ट में कई महत्वपूर्ण फैसले हुए हैं। वह आरएसएस के सहयोगी संगठन स्वदेशी जागरण मंच से भी जुड़े हैं।
इस सबके अलावा भी उनकी एक बड़ी पहचान है। वह यूपी विधानसभा के अध्यक्ष रहे केसरीनाथ त्रिपाठी के पुत्र हैं, जो पश्चिम बंगाल के राज्यपाल भी रहे। केसरीनाथ कई बार विधायक और राज्य सरकार में मंत्री रहे। यूपी भाजपा के अध्यक्ष रहे।
साहित्यकार, कवि, राजनीतिज्ञ, कानून और संविधान के ज्ञाता के रूप में उनकी अलहदा पहचान थी। भाजपा ने केसरीनाथ के नहीं रहने के बाद अपनी सिटिंग सांसद व पूर्व मंत्री प्रो. रीता बहुगुणा जोशी का टिकट काटकर नीरज को मौका दिया है। केसरीनाथ का पिछले साल ही निधन हो चुका है। नीरज की पत्नी कविता भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश मंत्री हैं।