आयुक्त, एफएसडीए की ओर से एक अक्तूबर 2026 को जारी आदेश में ड्रग प्राइस कंट्रोल ऑर्डर (डीपीसीओ)-2013 के प्रावधानों का उल्लेख करते हुए दवाओं की कीमतों से संबंधित जानकारी सार्वजनिक रूप से प्रदर्शित करना अनिवार्य किया गया था। इसके तहत प्रत्येक रिटेलर और डीलर को निर्माता की ओर से उपलब्ध कराई गई मूल्य सूची ऐसे प्रमुख स्थान पर प्रदर्शित करनी होगी, जहां ग्राहक उसे आसानी से देख सकें।
आदेश के मुताबिक, संबंधित हॉस्पिटल फार्मेसियों को अपनी सार्वजनिक वेबसाइट तैयार करनी होगी। इस पर फार्मेसी का नाम, लाइसेंस संख्या, लाइसेंसधारक का नाम और परिसर का पता स्पष्ट रूप से प्रदर्शित करना अनिवार्य है। इसके साथ ही नियुक्त फार्मासिस्ट का नाम, पंजीकरण संख्या, फोटो और साप्ताहिक स्टॉक का विवरण भी वेबसाइट पर उपलब्ध कराना होगा।
वेबसाइट को नियमित रूप से अपडेट करने के साथ उसका यूआरएल फार्मेसी के काउंटर पर प्रमुखता से प्रदर्शित करना होगा। मरीजों और उनके परिजनों की सुविधा के लिए वेबसाइट का लिंक ऐप अथवा क्यूआर कोड के माध्यम से उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए हैं।
एफएसडीए का विशेष निरीक्षण अभियान प्रदेशभर में चार दिसंबर 2026 तक जारी रहेगा। इसके तहत अब तक 68 जनपदों की 495 हॉस्पिटल फार्मेसियों का निरीक्षण किया जा चुका है। औषधि निरीक्षकों ने आदेश का अनुपालन न करने वाली फार्मेसियों को सात दिन के भीतर निर्धारित दस्तावेज और जानकारियां उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
विभाग ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित समय-सीमा में निर्देशों का पालन न करने पर संबंधित फार्मेसी के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। ड्रग्स एंड कॉस्मेटिक्स एक्ट, 1940 की धारा 22(1)(डी) के तहत बिक्री पर रोक लगाने की कार्रवाई भी की जा सकती है।