पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने सुरक्षा प्रबंधों पर बताया कि कार्तिक पूर्णिमा स्नान और देव दीपावली के दौरान लाखों श्रद्धालु आते हैं। इसके लिए पूरे घाट क्षेत्र को 10 जोन, 21 सेक्टर और 36 सब-सेक्टर में विभाजित कर जोनल व सेक्टर प्रभारियों की तैनाती की गई है। घाटों पर 27 वॉच टावर, त्वरित प्रतिक्रिया दल (क्यूआरटी), 21 प्रमुख घाटों पर एंटी-रोमियो स्क्वॉड, निजी गोताखोर और ड्रोन कैमरे तैनात रहेंगे। श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सहायता के लिए 11 खोया-पाया केंद्र बनाए गए हैं तथा ई-स्कूटर पर पर्यटक पुलिस लगातार गश्त करेगी।
पिछले वर्ष की भीड़भाड़ से सीख लेते हुए इस बार नमो से अस्सी घाट के बीच फ्लोटिंग वॉटर जेट्टी लगाकर टू-वे लेन बनाई गई है। नावें नमो घाट से अस्सी की ओर जाएंगी और सामने रेतीले ओर से अस्सी से नमो घाट की ओर लौटेंगी। नदी में डीजल चालित और गैर-जनपदीय बाहरी नावों के संचालन पर रोक रहेगी। राहत व बचाव के लिए एनडीआरएफ, फ्लड पीएसी, जल पुलिस और वॉटर एम्बुलेंस निरंतर गश्त करेंगी तथा चेत सिंह घाट पर फ्लोटिंग रेस्क्यू स्टेशन सक्रिय रहेगा।
20 से 25 नवंबर तक विशेष स्वच्छता अभियान
मुख्यमंत्री ने पूरे शहर में 20 से 25 नवंबर तक विशेष स्वच्छता अभियान चलाने के निर्देश दिए। देव दीपावली की रात दीपदान संपन्न होते ही घाटों की सफाई करा दी जाए, ताकि अगले दिन भोर में स्नान करने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। मुख्यमंत्री ने टैक्सी, होटल, रेस्टोरेंट संचालकों से संवाद कर श्रद्धालुओं और पर्यटकों से सही मूल्य पर सेवायें उपलब्ध कराने पर बल दिया।