भाजपा के ही सदस्य देवेंद्र प्रताप सिंह ने सिद्धार्थ विश्वविद्यालय, कपिलवस्तु में शिक्षक के पद पर रिश्वत लेकर अयोग्य लोगों के चयन और आरक्षण का पालन नहीं किए जाने की बात कही। नेता सदन ने कहा कि यह गंभीर मामला है। अगर आरक्षण की प्रक्रिया का उल्लंघन हुआ होगा तो जांच कर कड़ी कार्रवाई होगी। भाजपा के ही रविशंकर ''पप्पू भैया'' ने जननायक चंद्रशेखर विवि, बलिया में जमीन दाता को कार्य परिषद में शामिल न किए जाने का मुद्दा उठाया। इस पर केशव प्रसाद मौर्य ने उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। सदन में ही लखीमपुर खीरी में भारत-नेपाल सीमा से नैमिष और ओरछा (मध्य प्रदेश) तक एक्सप्रेसवे के निर्माण की मांग भी उठी।
सदन में उठी चीनी माझे की समस्या
भाजपा के विधान परिषद सदस्य विजय बहादुर पाठक ने चीनी माझे की समस्या को सदन में उठाया। उन्होंने ध्यानाकर्षण प्रस्ताव के माध्यम से चीनी माझा की खुलेआम बिक्री पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि यह मानव जीवन और पशु-पक्षियों के घातक बन चुके हैं।
संदर्भ समिति को भेजा गया शोध से संबंधित प्रश्न
शिक्षक दल के ध्रुव कुमार त्रिपाठी जी ने उत्तर प्रदेश काउंसिल ऑफ साइंस टेक्नोलॉजी के प्रोजेक्टों के संबंध में माननीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्री अनिल कुमार से प्रश्न किया। ध्रुव कुमार त्रिपाठी ने कहा कि मेधा का सही इस्तेमाल नहीं हो पा रहा है। सभापति कुंवर मानवेंद्र सिंह ने इस सवाल को प्रश्न एवं संदर्भ समिति को भेजे जाने के निर्देश दिए। उधर, शिक्षक दल के ध्रुव कुमार त्रिपाठी ने विशेषाधिकार हनन के तहत जिलों में होने वाली बैठकों की सूचना न मिलने का मामला रखा। विधान परिषद के पूर्व सदस्य गोरख प्रसाद निषाद के निधन पर उन्हें श्रद्धांजलि भी दी गई।