उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग द्वारा जारी 11,508 सहायक अध्यापक (प्राथमिक नगरीय क्षेत्र) भर्ती विज्ञापन संख्या 05/2026 को इलाहाबाद हाईकोर्ट की लखनऊ खंडपीठ में चुनौती दी गई है। यह मामला सोमवार, (30 नवंबर) को सुनवाई के लिए सूचीबद्ध है। यह याचिका विश्वजीत यादव (विशु यादव) ने दाखिल की है।
याची के अधिवक्ता अमित सिंह भदौरिया ने बताया कि याचिका में मुख्य रूप से भर्ती प्रक्रिया में उत्तर प्रदेश बेसिक शिक्षा (अध्यापक) सेवा नियमावली, 1981 का पूर्ण रूप से पालन न किए जाने का मुद्दा उठाया गया है। कहा कि यह भर्ती परीक्षा तीन व चार दिसंबर को होनी है, जिसमें करीब सात लाख अभ्यर्थी शामिल होंगे।
याचिकाकर्ता का कहना है कि शिक्षक भर्ती की पूरी प्रक्रिया निर्धारित सेवा नियमावली और लागू कानूनी प्रावधानों के अनुसार होनी चाहिए। भर्ती विज्ञापन में निर्धारित प्रक्रिया और सेवा नियमावली के बीच अंतर के मुद्दे को उठाया गया है। साथ ही टी ईटी -2026 के संशोधित परिणाम से प्रभावित अभ्यर्थियों को भी भर्ती में शामिल होने का अवसर देने की मांग की गई है।
दरअसल, हाईकोर्ट की डिवीजन बेंच ने 17 नवंबर 2026 को टीईटी-2026 के विवादित प्रश्न संख्या 36 और 37 पर अतिरिक्त अंक देने तथा 17 दिसंबर 2026 तक संशोधित परिणाम जारी करने का आदेश दिया है। याचिका में कहा गया है कि संशोधित परिणाम आने के बाद पात्र होने वाले अभ्यर्थियों को भी 11,508 शिक्षक भर्ती में आवेदन करने और लिखित परीक्षा में शामिल होने का अवसर मिलना चाहिए।