यूपी के 800 सरकारी और 1000 निजी अस्पतालों में राष्ट्रीय स्वास्थ्य बीमा योजना (आरएसबीवाई) के तहत 30 हजार रुपये तक का मुफ्त इलाज होगा। इस योजना में 1800 बीमारियों के पैकेज दिए जाएंगे। इनमें 30 हजार रुपये से अधिक मूल्य के 516 पैकेज शामिल हैं।
चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री सिद्धार्थ नाथ सिंह ने बृहस्पतिवार को आरएसबीवाई के क्रियान्वयन के लिए विकसित किए गए सॉफ्टवेयर की जानकारी देने के लिए आयोजित कार्यशाला में यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि अंतिम पायदान पर बैठे व्यक्ति के बेहतर व नि:शुल्क इलाज के लिए राज्य सरकार प्रतिबद्ध है।
राष्ट्रीय स्वास्थ्य बीमा योजना के सीईओ आलोक कुमार मित्रा ने बताया कि मोबाइल एप से लाभार्थियों को उपलब्ध कराई जाने वाली सुविधाओं पर नजर रखना संभव हो गया है। इस मौके पर कॉल सेंटर के माध्यम से लाभार्थियों की चिकित्सालय में भर्ती के दौरान व डिस्चार्ज के बाद वेलनेस चेक की सुविधा की जानकारी भी दी गई।