सरकार ने शनिवार को विधानसभा में कहा कि कम बारिश होने से भूजल स्तर गिर रहा है। पेयजल को लेकर सरकार गंभीर है।
प्रदेश में पानी की कोई कमी नहीं होने दी जाएगी। गांवों में टैंकर से पीने का पानी उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है।
भूजल के गिरते स्तर के कारण पेयजल का संकट खड़ा होने को लेकर भाजपा के सतीश महाना की ओर से पेश काम रोको प्रस्ताव का जवाब देते हुए संसदीय कार्यमंत्री आजम खां ने यह बात कही।
महाना ने इस प्रस्ताव के जरिये हर विधायक को 200 नए हैंडपंप देने या 300 हैंडपंप रिबोर कराने का अधिकार देने की मांग उठाई।
आजम ने कहा, भूजल स्तर ऊपर उठाने के लिए शहरों में इंटरलॉकिंग सिस्टम शुरू किया गया है लेकिन यह बहुत कारगर साबित नहीं हो रहा है।
इंटरलॉकिंग में इस्तेमाल की जाने वाली रेत में मिट्टी होने की वजह से नीचे तक पानी नहीं पहुंच पाता।
इसके अलावा शहरों में पक्के मकान, कॉलोनी, सीसी रोड आदि के कारण जमीन के नीचे पानी नहीं जा पा रहा। शहरों में हैंडपंप लगाने की जगह भी नहीं बची है।
जहां तक गांवों का सवाल है तो पानी पहुंचाने के लिए टैंकरों का इस्तेमाल होगा। पानी की कोई कमी नहीं होने दी जाएगी। आजम केंद्र पर निशाना साधने से नहीं चूके।
बोले-बादशाह गलतबयानी करता है तो सजा जनता को मिलती है। अच्छा बादशाह होता तो अच्छा होता। बारिश नहीं हुई।
आगे बारिश न हुई तो हालात बिगड़ जाएंगे। उन्होंने भाजपा से कहा, आप तो खुद सक्षम हैं। मांग लीजिए वहां से।