प्रदेश सरकार सैफई पीजीआई में एक अत्याधुनिक ट्रॉमा सेंटर व बर्न यूनिट खोलने जा रही है। इसके लिए सरकार ने 10.18 करोड़ रुपये स्वीकृत कर दिए हैं।
इसके बनने से इटावा व आसपास के जिले के लोगों को आकस्मिक चिकित्सा के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा।
गौरतलब है कि पिछले दिनों मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने सैफई पीजीआई को विश्वविद्यालय का दर्जा भी प्रदान कर दिया है।
इसका एक्ट भी विधानसभा से पास हो चुका है। अब सरकार यहां पर अत्याधुनिक ट्रॉमा सेंटर भी खोलने जा रही है। इस ट्रॉमा सेंटर के खुलने से इमरजेंसी चिकित्सा सेवाएं आसानी से लोगों को मिल सकेंगी।
इसी तरह बर्न यूनिट खुलने से जलने वाले मरीजों को भी यहां इलाज मिल जाएगा।
इन दोनों यूनिट की स्थापना के लिए विशेष सचिव चिकित्सा शिक्षा अरिन्दम भट्टाचार्य की ओर से 10.18 करोड़ रुपये जारी कर दिए गए हैं। उन्होंने पीजीआई निदेशक को तत्काल काम शुरू कराने के निर्देश दिए हैं।