स्वामी विवेकानंद का सपना समर्थ भारत था। उनका मानना था कि केवल युवा ही बदलाव ला सकते हैं। इसके लिए युवा पीढ़ी का स्वस्थ होना बहुत जरूरी है। स्वस्थ रहने के लिए युवाओं को योग और सूर्य नमस्कार का सहारा लेना चाहिए।
राज्यपाल राम नाईक ने ये विचार मंगलवार को श्री जय नारायण पीजी कॉलेज में राष्ट्रीय युवा दिवस के मौके पर व्यक्त किए। इस मौके पर करीब ढाई हजार स्टूडेंट्स ने योग और सूर्य नमस्कार का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम का आयोजन विवेकानंद केंद्र कन्याकुमारी की लखनऊ शाखा के साथ ही लखनऊ विश्वविद्यालय और श्री जय नारायण पीजी कॉलेज की राष्ट्रीय सेवा योजना शाखाओं द्वारा संयुक्त रूप से किया गया।
राज्यपाल ने कहा कि 81 वर्ष की आयु में अगर खड़े होकर भाषण दे सकते हैं तो इसका श्रेय सूर्य नमस्कार को है। स्कूल में उन्हें और उनके साथियों को रोज सूर्य नमस्कार करना होता था।