राज्यपाल राम नाईक ने प्रदेश के सभी विश्वविद्यालयों के लिए दीक्षांत समारोह का कैलेंडर जारी कर दिया है। शैक्षिक सत्र 2018-19 में सिर्फ 84 दिन में सभी विश्वविद्यालयों के दीक्षांत समारोह करके विद्यार्थियों को डिग्री व उपाधियां बांट दी जाएंगी।
गत वर्ष कुल 253 दिवसों में सभी विवि के दीक्षांत समारोह हुए थे। इस सत्र का पहला दीक्षांत समारोह 24 अगस्त को मदन मोहन मालवीय प्रोद्यौगिकी विश्वविद्यालय गोरखपुर में और अंतिम समारोह 15 नवंबर को इलाहाबाद राज्य विवि में होगा। लखनऊ विश्वविद्यालय का दीक्षांत समारोह 9 अक्तूबर को होगा।
राज्यपाल ने प्रस्तावित तिथियों की घोषणा करते हुए कहा कि वे सभी विश्वविद्यालयों के दीक्षांत समारोहों में शामिल होंगे। दीक्षांत समारोह पारंपरिक भारतीय वेशभूषा में होंगे। नाईक ने कहा कि पूर्व में विवि. के शैक्षिक कैलेंडर घोषित न होने से समय से प्रवेश व परीक्षाएं नहीं हो पाती थीं।
इससे विलंब से परिणाम घोषित होते थे जिससे छात्रों को परेशानी का सामना करना पड़ता था। उन्होंने कहा कि कुलाधिपति के तौर पर उनका शुरू से ही प्रदेश की उच्च शिक्षा की गुणवत्ता बढ़ाने का प्रयास रहा है। इसी के तहत प्रतिवर्ष 2 कुलपति सम्मेलन कराने की शुरुआत की गई। इसका ही परिणाम है कि विश्वविद्यालयों में समय से प्रवेश और परीक्षा परिणाम घोषित हो रहे हैं।